खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। एसपी चंद्रमोहन ने जिला पुलिस को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई खाद की कालाबाजारी करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक ने जिले में 5 इंटर स्टेट नाके लगाए गए हैं और साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड की 5 टीमों का गठन किया गया है जो अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त कर खाद एवं बीज की दुकानों पर निगरानी रखेंगी।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए महेंद्रगढ़ जिले में एसपी चंद्रमोहन ने जिला पुलिस को खाद की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा जिले में 5 इंटर स्टेट नाके लगाए गए हैं जो 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में डीएपी व अन्य खादों को बेचने के लिए डीलरशिप वाली दुकानों और स्थानीय बाजार में खाद एवं बीज की अन्य दुकानों पर पूर्ण निगरानी रखें। एसपी ने इस संबंध में थाना क्षेत्रों में नियुक्त सुरक्षा एजेंटों को भी कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यदि किसी दुकानदार द्वारा खाद की कालाबाजारी करने बारे कोई सूचना प्राप्त होती है, तो तुरंत उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाते हुए तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। जिले में नारनौल, अटेली, नांगल चौधरी, महेंद्रगढ़ एवं कनीना ब्लॉकों में 5 टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में क्षेत्रों के संबंधित थाना के प्रभारी को शामिल किया गया है। खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए आमजन भी सहयोग दें।