आदर्श गांव सीहमा में प्रवेश करते ही नारनौल सड़क मार्ग पर रामजीलाल बोहरा कॉलोनी से बाछोद मोड़ तक नाले का निर्माण नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहने से लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। सड़क पर बहते गंदे पानी से परेशान लोगों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर नाले का निर्माण करने की मांग की।
ओमप्रकाश, वेदप्रकाश, सुरेंद्र, सूबे, प्रमोद, अजीत, हेमंत पंच व देंवेंद्र यादव ने बताया कि सड़क के साथ गंदे नाले का निर्माण नहीं होने से घरों का गंदा पानी बीच सड़क बहता रहता है। जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होती है। वहीं बहता गंदा पानी वाहनों की तेज गति से आसपास के घरों में आता है। सावित्री, सोनिया, निशा, अंगूरी, अजय, पवन ने कहा कि सड़क पर कीचड़ से जहां दिनरात गंदी बदबू आती रहती है। वहीं मच्छर तेजी से फैल रहे हैं। जिससे डेंगू, मलेरिया व गंदगी जनित बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। नाले के निर्माण की मांग कई बार ग्राम सचिव व बीडीपीओ से की जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। जल्द ही समस्या को लेकर स्थानीय विधायक व सरकार में मंत्री ओमप्रकाश यादव व सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह को ज्ञापन दिया जाएगा।