नारनौल। इस साल सड़क हादसों में पिछले साल की अपेक्षा कमी आई है। पिछले साल चार महीनों में जिले में 168 मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसमें 72 लोगों की मौत और 172 घायल हुए थे। इस वर्ष इस दौरान 159 मुकदमे दर्ज हुए हैं। जबकि 63 लोगों की मौत और 160 लोग घायल हुए हैं।
एसपी चंद्रमोहन ने बताया कि ट्रैफिक कर्मचारियों की संख्या में इजाफा कर पहले की अपेक्षा में ट्रैफिक पुलिस चुस्त दुरुस्त किया है। उनका प्रयास है कि सड़क हादसों में कमी लाई जाए। अब ट्रैफिक पुलिस देर रात तक यातायात को कंट्रोल करती है। एसपी ने कहा कि वाहनों को रोकने के लिए कैची टाइप के बैरियर भी मंगवाए गए हैं। इस वर्ष अभी तक 3532 मोटर साइकिलों के चालान, डंपर व फोर व्हीलर के कुल 832 चालान किए गए हैं, जिनका कुल जुर्माना 54 लाख 89 हजार 850 रुपये जमा हुआ है। चुनाव के बाद एक मुहिम चलाकर भी लोगों को सड़क हादसों से बचने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।