जिला नगर योजनाकार की टीम ने मंगलवार को बाईपास रोड पर 2 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की। जिला नगर योजनाकार ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा लगभग 2 एकड़ में महानिदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा से बिना अनुमति लिए अवैध कॉलोनी काट रखी थी। रोड नेटवर्क बिछाए जा रहे थे, जिसेे जिला प्रशासन की मदद से तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई में 20 चहारदीवारी, डीपीसी के साथ सभी रोड नेटवर्क उखाड़ दिए गए। पूरी कार्रवाई डीटीपी प्रवीण कुमार चौहान की अगुवाई में की गई। इस मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा।
जिला नगर योजनाकार ने लोगों से अपील की कि नियंत्रित क्षेत्र, शहरी क्षेत्र में कोई भी निर्माण बिना विभागीय अनुमति के न करें। महानिदेशक नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग से अनुमति लेने के बाद ही कृृषि भूमि को रिहायशी अथवा वाणिज्यिक उपयोग के लिए परिवर्तित करें अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसीलिए आम जन से अपील है कि किसी भी अवैध कॉलोनी में कोई प्लॉट प्रापर्टी डीलर्स के बहकावे में आकर न खरीदें और न ही निर्माण करें। इसके अतिरिक्त कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता के बारे में व निर्माण करने से पूर्व नियमानुसार अनुमति लेने के बारे में जिला नगर योजनाकार कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस में पता किया जा सकता है । जिला नगर योजनाकार ने बताया कि भविष्य में जिले में अन्य स्थानों पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।