कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कॉलेजों में दाखिले के लिए आए आवेदनों के दस्तावेजों की वेरिफिकेशन का कार्य भी बुधवार को समाप्त हो गया। ऐसे में विद्यार्थी मेरिट सूची जारी होने का इंतजार करने लगे है। पहली सूची 11 सितंबर को जारी की जाएगी। इस सूची में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को 15 सितंबर तक अपनी फीस जमा करवानी होगी। इसके बाद 17 सितंबर को दूसरी सूची जारी की जाएगी। इसमें स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 20 सितंबर तक फीस जमा करवानी होगी। दोनों सूचियों के बाद भी अगर कॉलेजों में सीटें रिक्त रह जाती है तो उन्हें ओपन कॉउंसलिंग द्वारा भरा जाएगा। कॉलेजों में आवेदन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। विभिन्न कॉलेजों में सीटों के मुकाबले दो से गुना आवेदन आ चुके है। सबसे अधिक आवेदन कला व नॉन मेडिकल संकाय में आए है। नारनौल महिला कॉलेज में कुल 1280 सीटों के लिए 2303 आवेदन आए है। जबकि पीजी कॉलेज नारनौल में कुल 1560 सीटों पर 5183 आवेदन मिले है। पीजी कॉलेज में कला संकाय की 660 सीटों के लिए 2702 तथा नॉन मेडिकल संकाय की 360 सीटों पर 1425 आवेदन प्राप्त हुए है। इसी प्रकार महिला कॉलेज में कला संकाय की 800 सीटों पर 1364 तथा नॉन मेडिकल संकाय की 160 सीटों पर 419 आवेदन आए है।
दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो गई है। कॉलेज में अभी तक कुल 5183 विद्यार्थियों के आवेदन आए हैं। दस्तावेजों की वेरिफिकेशन का कार्य भी पूरा हो गया है। अब 11 सितंबर को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। -प्रो. सतीश सैनी, एडमिशन नोडल अधिकारी, पीजी कॉलेज, नारनौल।