कुरुक्षेत्र/पिपली। उमरी गांव में तीन महीने पहले हुए सुभाष हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस आरोपी गौरव सहारण उर्फ पहलवान निवासी उमरी समेत तीन आरोपियों को पकड़ चुकी है। आरोपी गौरव के कहने पर गत सप्ताह 17 अप्रैल को स्कूटी सवार दो नकाबपोशों ने सुभाष के घर पर दोबारा फायरिंग की थी।
थाना सदर थानेसर में 19 जनवरी को दर्ज शिकायत में सुमन निवासी उमरी ने बताया था कि करीब तीन महीने पहले उनकी गांव के गर्वित उर्फ प्रिंस निवासी सेक्टर-30, शुभम उर्फ काली निवासी सेक्टर-तीन व शिवम निवासी सहारनपुर के साथ लड़ाई झगडा हुआ था। उस लड़ाई में शिवम व गर्वित चोटें लगी थी। इसमें पुलिस ने उसके पति सहित उसके भाई अनुज व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। उस समय से गर्वित, शिवम, हिमांशु व गौरव उनके साथ रंजिश रखे हुए थे। इस रंजिश के कारण 19 जनवरी की शाम के करीब 5.20 बजे गर्वित, शुभम, शिवम, गौरव तथा केशव बाइक पर सवार होकर उनके घर आए थे। उन्होंने घर में घुसकर एसके पति सुभाष, बेटी और उस पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें उसके पति की मौत हो गई तथा वह जख्मी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए 23 जनवरी को आरोपी शिवम व गर्वित को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी गर्वित से मोबाइल व शिवम से वारदात में प्रयोग की गई बाइक, एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए थे, जबकि गौरव मामले में फरार चल रहा था। आगामी जांच में पुलिस ने तीसरे आरोपी गौरव सहारण को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।