युवती को ऑनलाइन काम देने का झांसा देकर शातिर ठग ने उसके व उसकी मां के अकाउंट से एक लाख 25 हजार 960 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर-7 वासी प्रकाश सिंह ने शहर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बेटी स्वरागिनी को एक अज्ञात व्यक्ति ने चैट के माध्यम बताया कि वह ऑनलाइन काम देते हैं, जिसके बदले में पेमेंट दी जाती है। उसकी बेटी आरोपियों की बातों में आ गई। आरोपियों ने उसका ईबे पर उसके मोबाइल नंबर से अकाउंट बना दिया था तथा अपनी ओर से 100 रुपये का रिचार्ज भी कराया था। उसके बाद उन्होंने केवल चेटिंग के माध्यम से ही बात करने के निर्देश दिए थे तथा वॉइस कॉलिंग करने पर आईडी रद्द करने की धमकी दी थी। उनकी बातों में आकर बेटी उनका कहना मानती रही। आरोपियों के कहे अनुसार उसकी बेटी ने 500 रु, 400 रु, 980 रु, 3080 रु, चार हजार, 10 हजार, 36 हजार व 41 हजार रुपये 7 नवंबर को आरोपियों के पेटीएम अकाउंट में डाल दिए थे। उसके बाद आरोपियों ने उसकी बेटी को और पैसे जमा कराने के लिए कहा था। बहकावे में अपनी मां के अकाउंट से भी 25 हजार रुपये आरोपियों के अकाउंट में डाल दिए थे। उसके बाद भी उसने अपनी मां से पांच हजार रुपये लेकर उनके अकाउंट में डाल दिए थे। इस तरह आरोपियों ने कुल एक लाख 25 हजार 960 रुपये की राशि अपने खाते में डलवा ली। पुलिस ने शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।