कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर: BMW हुई हादसे का शिकार, दो हादसों में गई तीन की जान
तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार सीधी टक्कर मारते हुए खदानों में उतर गई। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दो सड़क हादसों में दो कंपनी कर्मी समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेज रफ्तार के कारण हुए दो सड़क हादसों में दो कंपनी कर्मी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पिहोवा रोड पर गांव मुर्तजापुर के पास तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार जगजीत सिंह (49) और कुलविंद्र सिंह (52) को सीधी टक्कर मारते हुए खदानों में उतर गई। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों आपस में रिश्तेदार थे और मुर्तजापुर में फूड क्राफ्ट कंपनी में काम करते थे। वहीं गांव उमरी के पास बाइक की टक्कर लगने से ट्रक के नीचे कुचले जाने से साइकिल सवार संजय (28) की मौत हो गई। संजय मेहनत मजदूरी करता था।
ड्राइवर घटना स्थल पर गाड़ी छोड़ हुआ फरार
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में भौर सैयदां के विक्रमजीत ने बताया कि वह गांव के ही प्रगट सिंह के साथ अपनी ठेके पर जमीन में सुबह करीब चार बजे बाइक पर धान की नर्सरी में पानी देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उसका ससुर कुलविंद्र सिंह निवासी लालपुर (कैथल) और जगजीत सिंह अपनी रात की ड्यूटी के दौरान मुर्तजापुर के पास लिंक रोड पर साइड में ट्रैक्टर के पीछे लगे टैंक से खदानों में गंदा पानी निकाल रहे थे। वह दोनों ट्रैक्टर से उतरकर साइड में खड़े हो गए थे। उन्होंने भी उनको देखकर बाइक उनके पास रोक ली। इसी दौरान कुरुक्षेत्र की तरफ से एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने साइड में खड़े उसके ससुर और जगजीत सिंह को टक्कर मार दी। दोनों कार के साथ ही सड़क के साथ लगते खदानों में जा गिरे और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वह दोनों उनको संभालने लगे तो आरोपी चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
ट्रक के नीचे कुचले जाने से साइकिल सवार की मौत
उर्मिला निवासी कासनपुर जिला सहारनपुर (यूपी) ने बताया कि उसका भाई संजय उमरी में उसके घर के पास ही अपने बीवी-बच्चों के साथ किराये पर रहता था। वह अपने पति महिंद्र व भाई संजय के साथ साइकिल पर गांव सोढ़ी से अपने घर लौट रहे थे। उसका भाई अपनी साइकिल पर उनसे आगे चल रहा था। रात करीब पौने 11 बजे से इंद्री की तरफ से आए एक बाइक चालक ने उसके भाई की साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने वह सड़क के दूसरी साइड में गिरा और ट्रक के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह निवासी पलवल कॉलोनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपे शव
पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों हवाले कर दिया। वहीं पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार को अपने कब्जे में लिया है। हादसे के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने आरोपी कार और बाइक चालक की तलाश में जुटी है।
जिलेभर में अब तक 36 हादसों में 23 की मौत
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गत माह जिलेभर में 36 सड़क हादसे हुए। इन सड़क हादसों में 23 लोगों की जान चली गई, जबकि 31 लोग जख्मी हुए। तीन दिन पहले गांव सैंसा के नजदीक सड़क पर खड़े कैंटर से पिकअप टकरा गई थी। इस हादसे में पिकअप चालक राजेंद्र और राजबीर निवासी अरुणाय की मौत हो गई थी।