कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल परिसर में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबाल पुरुष चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंगलवार को आठ टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। ऑल इंडिया के चारों जोन की विजेता टीमों में कांटे की टक्कर को लेकर दर्शकों में भी उत्साह देखने को मिला। कुवि के बहुउद्देशीय हॉल में दिन भर मेले जैसा माहौल बना रहा। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी कुरुक्षेत्र विवि के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
कार्यवाहक खेल निदेशक डॉ. राजेश सोबती ने बताया कि कुरुक्षेत्र विवि ने आदमस विवि को 3-0 से मात दी और वीओएम ने हिमाचल प्रदेश विवि को 3-2 के स्कोर से हराया तो वहींं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी ने आरटीएम नागपुर को 3-0 के स्कोर से शिकस्त दी। केआईआईटी भुवनेश्वर ने एसकेडी हनुमानगढ़ को 3-0 के स्कोर से मात दी और एमयूएम कर्नाटक ने भारती विद्यापीठ पूणे को 3-0 के स्कोर से हराया तो वहीं एलएनआईपीई ग्वालियर ने वीओसी केरल को 3-0 के स्कोर से हराया। जबकि एसआरएम चेन्नई ने पंजाब विवि चंडीगढ़ को 3-0 से मात दी और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर ने सांबलपुर विवि को 3-0 से हराया। अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल कोच राजेश कुमार ने बताया कि चारों जोन के लीग विजेता खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें कुरुक्षेत्र विवि भी शामिल है। नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी वॉलीबाॅल पुरुष चैंपियनशिप में भी कुवि वॉलीबाॅल पुरुष की टीम ने लगातार 20वीं बार पहला स्थान हासिल करते हुए नॉर्थ जोन की ट्रॉफी हासिल की है। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के दूसरे दिन भी टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर 3-0 के स्कोर से जीत हासिल की।