पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम ने तीन आरोपियों को डोडा पोस्त की एक बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है, जिनसे तीन बारियों में 54 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 13 मई को एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम द्वारा आरोपी सुरेंद्र सिंह उर्फ गोलू निवासी अलावला थाना असंध, लवकुश यादव उर्फ पलटू निवासी पोना पोखर थाना सराय मीर जिला आजमगढ़ यूपी और रविंद्र सिंह निवासी गांव अलावला थाना असंध जिला करनाल को विश्वसनीय सूचना पर गांव अलावला के खेत में बने एक ट्यूबवेल के कमरे से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से तीन कट्टे डोडा पोस्त से भरे हुये बरामद किये गये। प्रत्येक कट्टे में 18 किलोग्राम डोडा पोस्त था। असंध थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी उपरोक्त डोडा पोस्त की खेप को जिला एटा उत्तर प्रदेश के एक गांव से खरीदकर लाये थे। आरोपी रविंद्र के खिलाफ वर्ष 2005 मे एक मामला हत्या का थाना असंध जिला करनाल में दर्ज है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी रविंद्र को जेल भेज दिया गया, जबकि दो आरोपी लवकुश व सुरेंद्र सिंह को पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड में आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जायेगी व तस्करी में प्रयोग गाड़ी को बरामद किया जायेगा।