पेट्रोल पंप पर पिस्तौल दिखाकर 22 हजार लूटे, भागते समय ट्रक ड्राइवर की टांग में गोली मारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाइक सवार तीन बदमाशों ने शनिवार शाम सेक्टर-4 स्थित सक्षम पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर पिस्तौल तानकर 30 सेकेंड में 22 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया। भागते हुए बाइक सवार एक बदमाश ने ताबड़तोड़ तीन फायर किए, उनमें से एक गोली वहां खड़े ट्रक ड्राइवर अभिमन्यु की टांग में लगी।
यह ड्राइवर पेट्रोल पंप पर ट्रक में डीजल डलवा रहा था। गोली चलते ही पेट्रोल पंप और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। घायल ट्रक ड्राइवर को तुरंत कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में दाखिल कराया गया। जहां ड्राइवर का इलाज चल रहा है।
इस घटना के बाद व्यापारी दहशत में हैं। लूट की सूचना मिलने पर एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया, डीएसपी बजींद्र सिंह मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए। इसके बाद एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। एसपी का कहना है कि उन्होंने लुटेरों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया है।
सेल्समैन बोला, बदमाशों ने पहले दिखाया चाकू...
सेक्टर-4 स्थित सक्षम पेट्रोल पंप पर तैनात सेल्समैन गुलशन ने बताया कि शाम को 6.27 बजे वह एक बाइक में पेट्रोल डाल रहा था। जिस पर एक व्यक्ति और उसकी करीब पांच साल की बेटी बैठी हुई थी। करीब एक मिनट बाद स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। उनमें से बाइक पर पीछे बैठे दो युवक उतरे, सबसे पीछे बैठा युवक रेन कोट पहने हुआ था।
उसके हाथ में पिस्तौल थी और दूसरे ने जेब से चाकू निकाला। पिस्तौल वाले युवक ने हवाई फायर किया और दूसरे ने उसके पेट की तरफ चाकू दिखाया। दोनों बदमाश बोले, गोली मार दूंगा, चाकू वाले युवक ने उसके गले में लटके बैग की तनी काटी और उसे छीन लिया।
उसी समय हाथ में पिस्तौल लिए बदमाश ने उस पर पिस्तौल तान दी । जिसे देखकर वह फर्श पर गिर गया। तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। जाते हुए उन्होंने ताबड़तोड़ तीन फायर किए, उनमें से एक गोली वहां खड़े ट्रक ड्राइवर की टांग में लग गई। जिससे वह घायल हो गया। बदमाशों ने 30 सेकेंड में ही वारदात को अंजाम दे दिया।
ऐसे मारी ड्राइवर को गोली...
ट्रक ड्राइवर संजीव ने बताया कि उसे ट्रक लेकर ओडिशा जाना था। इसलिए वह डीजल भरवाने के लिए ट्रक को लेकर पेट्रोल पंप पर आया था। उसके साथ ट्रक में दूसरा ड्राइवर अभिमन्यु भी था जो डबरकी का रहने वाला है। वह तेल डलवा रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज आई।
संजीव के अनुसार उन्होंने सोचा की किसी बाइक का टायर फट गया। जब पेट्रोल पंप की दूसरी मशीन पर देखा तो दो बदमाश सेल्समैन से बैग छीन रहे थे। उनमें से एक बदमाश के हाथ में पिस्तौल थी। उन्हें देखते ही वह ट्रक की और दौड़ा तो उसकी ओर तीनों बदमाश आ गए। उन्होंने जाते हुए उसके साथी ड्राइवर अभिमन्यु पर गोली चला दी जो टांग में लगी।
सहमी पांच साल की बच्ची, उसके सामने चली गोली
पेट्रोल पंप पर जिस समय यह लूट की वारदात हुई थी, उस समय पांच साल की बेटी अपने पिता के साथ पेट्रोल पंप पर आई हुई थी। उसके पिता पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवा रहे थे। उसी दौरान बदमाशों ने पहले हवाई फायर किया और फिर सेल्समैन से नोटों से भरा बैग लूटा। इस वारदात को देखकर वह बच्ची सहम गई। उसका पिता तुरंत वहां से बाइक लेकर चला गया।
तीन जगह बिखरा खून, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
ड्राइवर की टांग में गोली लगने के बाद पेट्रोल पंप पर तीन जगह खून बिखरा हुआ था। पुलिस ने घटना स्थल से गोली का एक खोल भी बरामद कर लिया है। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है।
पहले दिन आया था ड्यूटी पर, लग गई गोली
गोली लगने से घायल ड्राइवर अभिमन्यु के साथी राजीव ने बताया कि अभिमन्यु का आज पहला दिन था। कई साल के बाद वह ड्यूटी पर आया था। उसी की टांग में गोली लग गई। हालांकि डॉक्टरों ने उसकी टांग से गोली निकाल दी है। अब वह ठीक है।
डरे हैं पेट्रोल पंप के मालिक, व्यापारी भी पहुंचे मौके पर
पेट्रोल पंप के मालिक रूप नारायण चांदना को जब इस वारदात के बारे में पता चला तो वह सेक्टर-4 स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उनके साथ व्यापार मंडल के प्रधान कृष्ण लाल तनेजा सहित अन्य व्यापारी भी थे। चांदना ने बताया कि वह समाज सेवी हैं और सभी के साथ मिल जुलकर रहते हैं। उनकी तो किसी के साथ दुश्मनी भी नहीं है। पता नहीं कौन थे ये, जिन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया। करीब 11 साल में यह पहली वारदात उनके पेट्रोल पंप पर हुई है।
पेट्रोल पंप पर लूट का खुलासा और लुटेरों को गिरफ्तार करने के लिए करीब पांच टीमों का गठन किया है जो अलग- अलग क्षेत्र में जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले लिए हैं। जिस ड्राइवर को बदमाशों ने गोली मारी है उसकी तबीयत ठीक है। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। जल्द ही इन बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। -सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी करनाल।