अंकित बालियान हत्याकांड: पुलिस के रडार पर करनाल के दो युवक, 150 एकड़ जमीन का वारिस है सत्यम; एक 10वीं ड्रॉपआउट
पुलिस जिस सत्यम कादियान की तलाश कर रही है, वह अंसल सिटी के आनंद टाउन में रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सत्यम कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखता है। परिवार के पास 150 एकड़ से अधिक कृषि भूमि बताई जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शामली में हुए हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में करनाल के दो युवकों के नाम सामने आने के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। अंसल सिटी निवासी सत्यम कादियान और कलंदरी गेट निवासी आर्यन संधू को पुलिस शूटरों के तौर पर तलाश रही है। दोनों की उम्र 20 साल से कम बताई जा रही है। नाम सामने आने के बाद दोनों युवक अपने-अपने परिवार के साथ घर छोड़कर चले गए हैं। उनके घरों पर ताले लटके हैं। यूपी पुलिस की टीमें करनाल एसटीएफ के साथ मिलकर दोनों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी दोनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसटीएफ इंचार्ज दीपेंद्र राणा के अनुसार, पुलिस के रिकॉर्ड में दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से एक-एक मामला दर्ज है। दोनों पर सोनीपत में शराब के ठेके पर फायरिंग करने का केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अंकित बालियान हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से दोनों पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
कारोबारी परिवार से है सत्यम, 150 एकड़ से ज्यादा जमीन
पुलिस जिस सत्यम कादियान की तलाश कर रही है, वह अंसल सिटी के आनंद टाउन में रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सत्यम कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखता है। परिवार के पास 150 एकड़ से अधिक कृषि भूमि बताई जा रही है। वह परिवार का इकलौता बेटा है और उसकी तीन बड़ी बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
सत्यम का परिवार पहले जाटों गेट क्षेत्र में रहता था। बाद में अंसल सिटी के आनंद टाउन में रहने लगा। बताया जा रहा है कि परिवार का पुराने घर पर भी आना-जाना था और रात के समय वहां रुकता था। हालांकि अंकित हत्याकांड में सत्यम का नाम सामने आने के बाद से परिवार पुराने घर पर भी नहीं पहुंचा है। पुलिस अंसल सिटी, जाटों गेट समेत उसके अन्य संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
महंगी और मॉडिफाइड गाड़ियों का शौक, सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो
स्थानीय लोगों के मुताबिक सत्यम को महंगी गाड़ियों का शौक था। वह कुछ समय बाद गाड़ी बदल देता था। सोशल मीडिया पर उसकी मॉडिफाइड गाड़ियों के साथ रील्स भी सामने आने की बात कही जा रही है। कुछ वीडियो में वह हथियारों के साथ भी नजर आया है। पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट और उसके संपर्क में रहने वाले युवकों की भी जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि सत्यम और आर्यन अक्सर साथ ही घूमते थे।
10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है आर्यन
दूसरा नाम आर्यन संधू का सामने आया है, जो कलंदरी गेट क्षेत्र में परिवार के साथ रहता था। आर्यन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है। उसका एक बड़ा भाई और तीन बहनें हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है। उसके पिता नरेंद्र की कई साल पहले मौत हो चुकी है।
आर्यन ने सुभाष गेट क्षेत्र के एक निजी स्कूल से 10वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी। परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक पिछले दो-तीन साल से वह पढ़ाई नहीं कर रहा था और अक्सर सत्यम के साथ ही घूमता रहता था। अब अंकित हत्याकांड में नाम आने के बाद आर्यन का पूरा परिवार घर छोड़कर चला गया है और मकान पर ताला लगा हुआ है।
सोनीपत के दो पुलिस मुठभेड़ में मारे गए
गौरतलब है कि अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस ने सोमवार सुबह सोनीपत के सुमित (22) और मोहित (24) को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया था। बताया गया है कि दोनों की पहचान करीब तीन महीने पहले हुई थी और इसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे।