करनाल: क्लासरूम में चाकू मारकर 12वीं के छात्र ने की साथी की हत्या, गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
मृतक और आरोपी दोनों की छात्र नाबालिग बताए जा रहे हैं। हत्यारोपी के अलावा 10 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज देखी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के करनाल के घरौंड़ा कस्बे के गांव हरिसिंहपुरा के संस्कार भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुरानी रंजिश के चलते एक छात्र ने सहपाठी को क्लास रूम में ही चाकू घोंप दिया, जिससे स्कूल में हड़कंप मच गया। घायल छात्र को उपचार के लिए घरौंडा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां से उसे करनाल रेफर कर दिया गया, लेकिन मेडिकल कालेज पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
मामले में पुलिस ने हत्यारोपी के अलावा 10 अन्य छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में मृतक और हत्यारोपी दोनों ही छात्र नाबालिग बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर हत्या की वारदात के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालात के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव हरिसिंहपुरा के संस्कार भारती प्राइवेट स्कूल में गुरुवार की सुबह 12वीं कक्षा की प्रायोगिक परीक्षा थी। परीक्षा होने से कुछ समय पहले ही बारहवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर क्लास रूम में ही विवाद हो गया। इसके बाद एक ने दूसरे की छाती में चाकू घोंप दिया। चाकू मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस दौरान घायल छात्र ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन क्लास रूम के बाहर बरामदे में वह गिरकर बेहोश हो गया।
छात्रों ने इसकी सूचना स्कूल प्रिंसिपल अशोक कुमार को दी। वहीं वारदात के बाद स्कूल में अफरातफरी मच गई। घायल छात्र को इलाज के लिए घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे करनाल रेफर कर दिया, लेकिन करनाल मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। स्कूल परिसर में छात्र की हत्या की वारदात से पूरे गांव में सन्नाटा छा गया।
घटना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण स्कूल के पास एकत्रित हो गए। गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। इसको देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इससे पहले स्कूल में हत्या की सूचना पर डीएसपी मनोज कुमार, थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम के साथ साक्ष्य एकत्रित किए। साथ ही स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
पहले विवाद के बाद दोनों को स्कूल से निकाला गया था
पुलिस की पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि अगस्त माह में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों के खिलाफ मामला भी दर्ज हो गया था। साथ ही दोनों छात्रों को स्कूल से निकाल दिया गया था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। उसके बाद दोनों छात्रों का दोबारा स्कूल में वापस लिया गया। पुरानी रंजिश को लेकर ही गुरुवार को एकबार फिर क्लास रूम में दोनों के बीच विवाद हुआ और एक ने दूसरे की छाती में चाकू घोंप दिया।
घटना वाले कमरे में नहीं है सीसीटीवी कैमरे
स्कूल में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन जिस कमरे में घटना को अंजाम दिया गया, उस कमरे में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए हैं। ऐसे में अब पुलिस बरामदे में लगे कैमरों के आधार पर ही घटना की जांच कर रही है।
गांव के एक निजी स्कूल में एक छात्र ने अपने सहपाठी की हत्या कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर सामने आया है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्यारोपी के अलावा 10 अन्य छात्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। - मनोज कुमार, डीएसपी