हरियाणा: वर्दी पर लगा दाग! पति को छुड़ाने का झांसा दे पुलिसवाले ने महिला से किया दुष्कर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेवा, सुरक्षा और सहयोग का नारा लगाने वाली खाकी पर महिला के साथ दुष्कर्म के दाग लगे हैं। दुष्कर्म का आरोपित हरियाणा पुलिस का एक जवान है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस कर्मचारी ने जेल में बंद उसके पति को छुड़वाने का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो बनाई।
आरोपित ने महिला का वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने और उसके पति या बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं आरोपित ने महिला को झूठे मुकदमों में फंसाने तक की धमकियां दी। इंटरनेट पर वीडियो वायरल करने के नाम पर आरोपित महिला के साथ लगभग चार साल तक दुष्कर्म करता था। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित हवलदार के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, अप्रैल-2016 में उसका पति मुकदमों में जेल में बंद हो गया था। महिला ने अपने जीवनयापन के लिए शहर में जनरल स्टोर खोला हुआ था। आरोपित पुलिसकर्मी उसके पति का जानकार था, जिस कारण उसका पीड़िता के घर आना जाना था। आरोपित ने उसके पति को जेल से बाहर निकालने का झांसा दिया और पीड़िता का मोबाइल नंबर ले लिया और उसके साथ बातचीत करने लगा।
महिला ने विरोध किया और धक्का मुक्की हुई
पीड़िता ने आरोपित की गलत नियत को भांप लिया और उसे अपने घर व दुकान पर आने से मना कर दिया। जिसके बाद आरोपित जबरन उसके घर में घुस गया, जिसका महिला ने विरोध किया और धक्का मुक्की हुई। इससे महिला का सिर बेड पर लगा और वह बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाया।
आरोपित ने महिला को धमकी दी कि वह वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा। शिकायत के मुताबिक, पीड़िता शहर को छोड़कर एक गांव में रहने लगी थी और वहीं पर जनरल स्टोर खोल लिया। जुलाई-2016 को वह सामान लेने के लिए पानीपत गई। जहां पर उसे आरोपित मिला और पीड़िता को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
दोषी के डर से पीड़िता ने अपना नंबर बदल लिया, इससे दोषी का संपर्क उससे टूट गया। पीड़िता के मुताबिक, जून-2017 में वह बाजार में सामान लेने गई, जहां पर उसे आरोपित मिला और उसे गेस्ट हाउस में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी तरह दिसंबर-2017, 12 जनवरी 2019 तथा 14 दिसंबर 2019 को अलग-अलग गेस्ट हाउस व होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया।
परेशान पीड़िता ने देनी चाही जान
पीड़िता के मुताबिक, पुलिसकर्मी के यौन उत्पीड़न से परेशान होकर 23 फरवरी 2020 को पंखे से लटककर खुदकुशी करनी चाही लेकिन मौके पर पहुंचकर उसके पति ने उसको बचा लिया। जिसके बाद पति को पूरी घटना के बारे में पता चला। जब पीड़िता के पति ने आरोपित से बात की तो उसने जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपित ने अलग-अलग नंबरों से पीड़िता को फोन कर जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, उसके पास आरोपित की वीडियो रिकॉर्डिंग भी है जिसमें वह बलात्कार की बात कबूल कर रहा है।
पीड़िता ने बीती सात मार्च को इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों को दी थी। लेकिन उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद महिला ने आईजी को शिकायत दी। महिला ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच से करवाने की मांग की है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एक विवाहिता ने दुष्कर्म की शिकायत दी है। शिकायत में महिला ने आरोपी पर अश्लील वीडियो वायरल करने, जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। -मनोज कुमार, थाना प्रभारी घरौंडा