{"_id":"81-45706","slug":"Karnal-45706-81","type":"story","status":"publish","title_hn":"कैथल से दिल्ली रेल सेवा की मांग करेगी समिति","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कैथल से दिल्ली रेल सेवा की मांग करेगी समिति
Karnal
Updated Sun, 11 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
कैथल। शहरवासियों को उत्तरी भारत से बने केंद्रीय रेल मंत्री से अब रेल संबंधी समस्याओं के समाधान की आस जगी है। कैथल से दिल्ली सीधी रेल सेवा, कुरुक्षेत्र-कैथल-नरवाना ब्रांच पर विद्युतीकरण, कैथल में रेलवे हाल्ट, कुरुक्षेत्र से जगाधरी नई रेलवे लाइन बिछाने व कैथल में गाड़ियां धोने, सफाई के लिए छोटा केंद्र बनाने की मांग को लेकर रेल यात्री कल्याण समिति जल्द ही केंद्रीय रेल मंत्री पवन बंसल से मुलाकात करेगी और उन्हें वर्ष 2013 में पेश किए जाने वाले रेल बजट में कैथल जिला वासियों की उक्त मांगों को पूरा करने की मांग करेगी। यह जानकारी रेल यात्री कल्याण समिति के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने शनिवार को सनातन धर्म मंदिर में पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि समिति पिछले लगभग 10 वर्षों से कैथल से सीधी दिल्ली रेल सेवा के लिए संघर्ष कर रही है। 40 वर्षों पुरानी जिला वासियों की इस मांग को आज तक पूरा नहीं किया गया है। इसके लिए समिति के सदस्य सांसद नवीन जिंदल, राज्य सभा सांसद ईश्वर सिंह एवं केंद्रीय रेल मंत्री को अनेकों बार ज्ञापन दे चुके हैं, परंतु किसी भी मंत्री ने अब तक कैथल जिला वासियाें की इस मांग को पूरा नहीं करवाया। उन्होंने बताया कि अब समिति पदाधिकारी इस आंदोलन को सामाजिक आंदोलन का रूप देते हुए वार्ड स्तर पर भी कमेटी गठित करेंगे ताकि आम जनता भी उनके आंदोलन से जुड़ सके। गुप्ता ने बताया कि यदि 2013 के बजट में कैथल जिला वासियों की यह मांग पूरी नहीं की गई तो वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा के चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा। उन्होंने कैथल से दिल्ली सीधी रेल सेवा, एक गाड़ी वाया कुरुक्षेत्र, पानीपत व सोनीपत, दूसरी गाड़ी वाया नरवाना, जींद तथा रोहतक करने की मांग की। इसी तरह कुरुक्षेत्र-कैथल-नरवाना ब्रांच पर विद्युतीकरण का काम शुरू कराना है। इसमें रेलवे द्वारा मामूली खर्च करके लाखों रुपये व समय की बचत की जा सकती है। इसी तरह सांसद नवीन जिंदल द्वारा 2009 के बजट में पास करवाए गए रेलवे हाल्ट का निर्माण जल्द करवाया जाए। इस अवसर पर अनुराग सिक्का मुख्य संरक्षक, जगरूप ढुल महासचिव, रामसिंह नरड़, सीताराम दयौरा, बलवंत सिंह जाटान, बृजलाल मित्तल, ओमप्रकाश गुप्ता, अश्वनी शर्मा हत्तवाल, लाजपतराय सिंगला आदि भी मौजूद रहे।
विज्ञापन