जींद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने जिला के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस बल को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने दी जाए। बोर्ड के उपाध्यक्ष ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी कैमरों और फ्लाइंग स्क्वायड की तैनाती की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड की प्राथमिकता है कि परीक्षाएं पूरी तरह से नकल रहित संपन्न हों। ड्यूटी पर तैनात कोई भी कर्मी यदि नकल करने या करवाने में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप चेयरमैन ने बाल आश्रम स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडेला सहित करीब आधा दर्जन गांव के स्कूलों में चल रही बोर्ड की परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया। शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने कहा कि परीक्षा विद्यार्थियों की मेहनत का मूल्यांकन करने का एक माध्यम है और इसमें नकल जैसी प्रवृत्तियों का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों को ईमानदारी से परीक्षा देते हुए स्वयं का मूल्यांकन करना चाहिए। उपाध्यक्ष ने परीक्षार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि पूरी मेहनत के साथ पढ़ाई करते हुए परीक्षाएं दें। जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत हमेशा सही मुकाम तक लेकर जाती है। विद्यार्थी जीवन में अपनी योग्यता साबित करने का परीक्षाएं बेहतरीन अवसर होती है।