जींद। शामलो कलां में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को रैपिड फीवर मास सर्वे अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया समेत मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान की और संदिग्ध मरीजों के रक्त के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। स्वास्थ्यकर्मी आशीष लोहान ने कहा कि बरसात के मौसम में मच्छरों का प्रजनन तेजी से बढ़ता है, इसलिए प्रत्येक रविवार ड्राई डे मनाकर कूलर, पानी की टंकियां, फ्रिज ट्रे, गमले, टायर और अन्य जल पात्रों को खाली व साफ रखना चाहिए। इससे मच्छरों के लार्वा नष्ट होते हैं। स्वास्थ्य टीम ने तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द, ठंड लगना या लाल चकत्ते जैसे लक्षण होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की। ग्रामीणों को मच्छरदानी के उपयोग, पूरी बाजू के कपड़े पहनने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का भी संदेश दिया गया। संवाद