जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में एनईपी सेल की तरफ से राष्ट्रीय शिक्षा नीति इंटर्नशिप और कौशल संवर्धन पर शुक्रवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कार्यशाला के प्रमुख रिसोर्स पर्सन में प्रो. अनीता रानी दुआ, प्रो. प्रदीप कुमार और डॉ. अनुपम भाटिया शामिल रहे। प्रो. अनीता रानी दुआ ने एनईपी 2020 के तहत लागू की गई विभिन्न योजनाओं और इसके समक्ष आने वाली चुनौतियों के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि इन चुनौतियों का समाधान किस प्रकार किया जा सकता है। प्रो. प्रदीप कुमार ने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत 60 प्रतिशत कक्षाएं भौतिक रूप से और 40 प्रतिशत ऑनलाइन मोड में संचालित करने की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि आईआईटी, आईआईएससीआर सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों की ओर से निशुल्क इंटर्नशिप और कौशल विकास पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डॉ. अनुपम भाटिया ने इंटर्नशिप और कौशल विकास कार्यक्रमों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कोऑर्डिनेटर डॉ. विशाल वर्मा ने बताया कि लंबे समय से सीआरएसयू के विभागों और संबंधित कॉलेज से अनेक जिज्ञासाएं आ रही थीं, जिनको लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया है।