स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्रा ने सोमवार को डीआरडीए के सभागार में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बैठक की।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सभी सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता किट उपलब्ध करवाई जाएगी। इस किट में मास्क, दस्ताने, सैनिटाइजर, साबुन, कपड़े का परना तथा महिला कर्मियों के लिए सूती कपड़े का दुपट्टा शामिल रहेगा। बैठक में सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा कई विभागों के अधिकारी एवं प्रत्येक खंड से एक-एक सफाई कर्मी भी शामिल हुए।
उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह शनिवार तक यह किट प्रत्येक सफाई कर्मी तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में सार्वजनिक शौचालय बनाने तथा सूखा और गीला कूड़ा प्रबंधन के लिए ग्राम पंचायतों को राशि जारी की गई है। इस राशि से होने वाले सभी विकास कार्यों को 15 जुलाई तक पूरा करवाना सुनिश्चित करें। जींद के 137 गांवों में सूखा और गीला कूड़ा प्रबंधन के लिए चार करोड़ 57 लाख रुपये की राशि ग्राम पंचायतों को उपलब्ध करवाई गई है।