जींद के बाद अब जुलाना में भी प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक फ्रिज रिपेयर करने वाली दुकान पर दबिश देकर ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी करने के मामले को पकड़ा है। दुकानदार से टीम ने आठ खाली सिलिंडर बरामद किए हैं। कुछ अन्य सिलिंडरों को दुकानदार ने निजी अस्पतालों को सप्लाई कर दिया था।
रोडवेज महाप्रबंधक बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में बनाई गई टीम के सदस्यों इंस्पेक्टर राजदीप मोर, डॉ. रेणुका मलिक, सब इंस्पेक्टर सतपाल, अनिल कुमार व कुलदीप ने जुलाना के पुराना पुलिस थाने के सामने एक फ्रिज रिपेयर करने वाली दुकान पर सोमवार को दोपहर 12 बजे दबिश दी। टीम ने जब दुकान की जांच की तो वहां से आठ खाली ऑक्सीजन के सिलिंडर मिले। दुकान संचालक जयभगवान के पास न तो सिलिंडर सप्लाई का कोई लाइसेंस था और न ही उसके पास कोई बिल मिला। बिजेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानदार ने काफी सिलिंडर निजी अस्पतालों को सप्लाई कर दिए थे। टीम ने इसकी शिकायत जुलाना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने जयभगवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि रविवार देर शाम को जींद में हांसी रोड पर भी पुलिस ने एक दुकानदार को सिलिंडरों की कालाबाजारी करते हुए पकड़ा था।