जींद। स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार कोरोना काल को शून्य वर्ष घोषित कर सरकारी नौकरी में दो वर्ष की छूट व अधूरी भर्तियों को पूरा करने की मांग को लेकर डीआरडीए मार्केट से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम सीटीएम को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक रौनक हुड्डा ने कहा कि कोरोना काल के दौरान शैक्षणिक गतिविधियां पूर्ण रूप से बंद रहीं। इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। कई छात्र ऐसे हैं जिनकी भर्ती को लेकर आयु निकल चुकी है और वे सेना में भर्ती को लेकर तैयारी कर रहे थे। उन्होंने मांग की कि कोरोना काल को शून्य वर्ष घोषित करते हुए सभी केंद्रीय व राज्य परीक्षाओं में दो वर्ष की उम्र सीमा में छूट दी जाए। भर्तियों का नियमित कैलेंडर जारी किया जाए एवं निश्चित समय सीमा में भर्तियों को पूरा किया जाए। परीक्षाओं के निश्चित समय सीमा में पूर्ण नहीं होने की स्थिति में छात्रों को क्षतिपूर्ति दी जाए। आर्मी भर्ती शुरू की जाए। प्रशासनिक सेवाओं में लेटरल एंट्री बंद की जाए। सरकारी नौकरियों की संख्या बढ़ाई जाए, सहायक प्रोफेसर की भर्ती की जाए। आर्मी में ठेकेदार प्रथा को समाप्त किया जाए। प्राइवेट बसों में बस पास मान्य किए जाए। एचसीएस परीक्षा प्रत्येक वर्ष करवाई जाएं व 2020 की भर्ती को पूर्ण किया जाए। रेलवे ग्रुप डी भर्ती के लिए पांच साल पहले फार्म भरवाए गए थे, उनके रोल नंबर जारी किए जाएं। 2018-20 तक ग्रुप सी व डी के जो फार्म भरवाए गए थे, वह भर्ती बहाल की जाए। इस अवसर पर नीलम, मोहित, दीपक, मोनिका, युद्धपाल, रोहित, संजय मौजूद रहे।