खूनी बदलाः भाई की हुई हत्या तो युवक ने रची खौफनाक साजिश, ऐसे करवाया था डबल मर्डर
भाई की हत्या का बदला लेने के लिए सुपारी देकर डबल मर्डर करने के पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान नरवाना निवासी आकाश, धनौरी निवासी जयप्रकाश तथा सुदकैन निवासी विकास के रूप में हुई है। तीनों को गुप्त सूचना के आधार पर ढाकल पुल के पास से गिरफ्तार किया है। तीनों को नरवाना की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
डीएसपी जगत सिंह व सदर थाना नरवाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि आठ अप्रैल को उचाना के पास नरवाना निवासी मोहित की हत्या कर दी गई थी। मोहित पेपर देने मोटरसाइकिल पर सवार होकर जींद आ रहा था। रास्ते में उचाना के पास अज्ञात युवकों ने उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। मृतक मोहित का भाई विकास उर्फ बॉक्सर हत्या का बदला लेने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार उसने नरवाना के दीपक व उपकार से डूमरखां खुर्द निवासी मनीष उर्फ लाली व काब्रछा निवासी जसवंत की हत्या करने की बात की। उन्हें मोटी रकम देने का लालच दिया। दीपक व उपकार ने अपने साथी आकाश, जयप्रकाश व विकास के साथ मिलकर दोनों की हत्या करने का प्लान तैयार किया।
प्लान फाइनल होने पर 14 अगस्त को दीपक, उपकार व आकाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर डूमरखां गांव की तरफ निकले, जबकि विकास और जयप्रकाश छोटा हाथी पर पीछे-पीछे चलते रहे। उन्हें लिंक रोड पर मनीष व जसवंत जाते हुए दिखाई दिया। दीपक, उपकार व आकाश ने चाकुओं व तलवारों से मनीष व जसवंत पर हमला कर दोनों की हत्या कर दी।
मृतक मनीष के भाई रोहित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह हत्या विकास ने अपने भाई मोहित की हत्या का बदला लेने के लिए करवाई थी।
पुलिस ने आकाश, जयप्रकाश तथा विकास को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीएसपी जगत सिंह ने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी काबू कर लिया जाएगा।