पंचकूला क्लब में फायरिंग: डांस के दौरान हाथ टकराने पर भिड़े युवक, युवती के कंधे को छूकर निकली गोली
फिरोजपुर से कुछ युवक पंचकूला के अलिफलैला क्लब में पार्टी करने आए थे। इसी दौरान एक मामूली विवाद के बाद एक युवक ने फायरिंग कर दी।
विस्तार
पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफलैला क्लब में शनिवार देर रात करीब 2 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी के दौरान मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने दो फायर कर दिए।
गोली क्लब के बाथरूम के पास खड़ी एक युवती के कंधे को छूती हुई निकल गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और पंजाब के फिरोजपुर निवासी तीन युवकों लखबीर, गुरप्रीत और करण को हिरासत में ले लिया।
चंडीगढ़ के मौली जागरां की अंजली को गोली लगने के तुरंत बाद पुलिस ने सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली युवती के कंधे को छूकर निकली, जिससे गहरा जख्म नहीं हुआ। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने झगड़े के दौरान घायल हुए अन्य युवकों का भी अस्पताल में मेडिकल करवाया है।
बाउंसरों के बाहर निकालने के बाद शांत हुआ था मामला, अंदर जाकर फिर भिड़े
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर निवासी कई युवक शनिवार देर रात अलिफलैला क्लब में पार्टी करने पहुंचे थे। इसी दौरान डांस फ्लोर पर डांस करते समय एक गुट के युवक का हाथ दूसरे गुट के युवक से टकरा गया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। क्लब के बाउंसरों ने बीच-बचाव करते हुए दोनों गुटों को क्लब से बाहर निकाल दिया। मामला शांत होने के बाद दोनों पक्ष दोबारा क्लब के अंदर पार्टी करने चले गए। कुछ देर बाद उनके बीच फिर से बहस शुरू हो गई।
बाहर खड़ी गाड़ी से पिस्तौल लाकर किए दो फायर, मुख्य आरोपी लक्की फरार
दोबारा शुरू हुई बहस के दौरान फिरोजपुर से आए लक्की नामक युवक ने आपा खो दिया। वह क्लब के बाहर खड़ी अपनी गाड़ी से पिस्तौल लेकर आया और क्लब के अंदर दो फायर कर दिए। इस दौरान बाथरूम के पास खड़ी अंजली गोली की चपेट में आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया है। इसके बाद सुबह तीनों का मेडिकल करवाया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। - संदीप कुमार,सेक्टर-5 थाना प्रभारी