सफीदों। स्काईलार्क कंपनी में नौकरी के दौरान 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार देर शाम करसिंधु गांव निवासी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपी से पैसे की बरामदगी करवाएगी।
स्काईलार्क फीड्स प्राइवेट लिमिटेड के जनसंपर्क अधिकारी राहुल मिश्र ने 15 नवंबर को सदर थाना सफीदों को दी शिकायत में बताया था कि 20 मई 2019 को करसिंधु गांव निवासी विक्रम में कंपनी में सीनियर एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यभार संभाला था। विक्रम का कार्य कंपनी के कर्मचारियों का वेतन का हिसाब रखना व मासिक वेतन सूची तैयार करना था। इस दौरान विक्रम ने धोखाधड़ी करके स्काईलार्क समूह की कंपनियों के कर्मचारियों की फर्जी वेतन सूची बनाई और पैसे अपने भाई रोहताश के बैंक खाता में भेजता रहा। इस तरह विक्रम ने करीब 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। पता लगने पर कंपनी ने उसे जून 2021 में नौकरी से निकाल दिया। उससे पैसे वापस मांगे, लेकिन उसने नहीं दिए। इसके बाद कंपनी ने उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने विक्रम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया।