झज्जर। जिले में 11 से 13 सितंबर तक 59वीं राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो स्थानों पर अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं होंगी। एमआर स्कूल हसनपुर में लड़कों की अंडर-14, 17 और 19 वर्ग की सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता, जबकि बहादुरगढ़ स्थित ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में लड़कियों की अंडर-14, 17 और 19 वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होगी।
एमआर स्कूल हसनपुर में प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि विशिष्ट अतिथि रहेंगे। सहायक खेल शिक्षा अधिकारी जय कुमार कौशिक ने बताया कि दोनों स्थानों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 23 जिलों से टीमें और खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था की गई है। वहीं, झज्जर में होने वाली लड़कों की तैराकी प्रतियोगिता स्थगित कर दी गई है।