कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए पूरे राज्य में लॉकडाउन किया जा चुका है। लॉकडाउन व धारा 144 के आदेश की अवहेलना करने पर झज्जर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अनावश्यक रूप से घूमने एवं धारा 144 का उल्लंघन करने पर धारा 188 के तहत कार्रवाई करते हुए थाना दुजाना में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
थाना प्रबंधक दुजाना दिनकर ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर थाने में अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें एक ढाबा संचालक सहित छह आरोपियों को काबू किया गया है। उन्होंने बताया कि थाना दुजाना की एक टीम ने वीरवार को दुजाना चौक दुजाना के पास एक होंडा मोबिलियो गाड़ी को चेक किया तो उसमें पांच व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ में उनकी पहचान विशाल निवासी नई बस्ती गुरुग्राम, संजय निवासी रायबरेली यूपी, तुषार निवासी मदनपुरी गुरुग्राम, विकास निवासी मदनपुरी गुरुग्राम तथा राहुल विश्वास निवासी वेस्ट बंगाल के तौर पर की गई। इसी प्रकार से थाना दुजाना के अंतर्गत पुलिस चौकी डीघल की टीम ने गांव लकड़िया बाईपास पर स्थित एक ढाबा खुला पाए जाने पर ढाबा संचालक वजीर निवासी डीघल को काबू किया। पकड़े गए उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई। लॉकडाउन के तहत नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर झज्जर पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा 79 वाहनों के चालान कर 19 वाहनों को इंपाउंड किया गया। डीआईजी अशोक कुमार ने आमजन से लॉकडाउन के आदेशों का पालन करने व अपने घरों में रहने की अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉकडाउन का फैसला हरियाणा सरकार द्वारा आपकी सुरक्षा व स्वास्थ्य के लिए किया गया है।