बहादुरगढ़। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह जून ने निर्दलीय विधायक राजेश जून के दो साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बहादुरगढ़ की जनता को विकास और मूलभूत सुविधाओं के मामले में निराशा हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि शहर में सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
राजेंद्र सिंह जून ने आरोप लगाया कि राजेश जून ने चुनाव में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नाम पर वोट हासिल कर सत्ता सुख के लिए भाजपा को समर्थन दे दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का समर्थन करने के बावजूद विधायक बहादुरगढ़ के लिए कोई नया प्रोजेक्ट मंजूर नहीं करवा सके। पूर्व विधायक ने कहा कि जनता को घोषणाओं और बयानों के बजाय धरातल पर विकास कार्य चाहिए।