{"_id":"99b585ec21bf21e9b8148e4648545688","slug":"in-the-third-eye-will-also-look-at-civil-hospital-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिविल अस्पताल में तीसरी आंख पर भी रहेगी नजर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिविल अस्पताल में तीसरी आंख पर भी रहेगी नजर
ब्यूरो/अमर उजाला, झज्जर बहादुरगढ़
Updated Sun, 19 Oct 2014 12:58 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल अस्पताल में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की अब खैर नहीं है। सिविल अस्पताल प्रशासन ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी को अधिकारियों के मोबाइल से कनेक्ट कर दिया है।
विज्ञापन
ये अधिकारी किसी भी वक्त सिविल अस्पताल की इमरजेंसी और अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी की लाइव रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल पर देख सकते हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने यह कवायद चिकित्सकों और कर्मचारियों के खिलाफ आने वाली शिकायतों के मद्देनजर लिया है।
सिविल अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की ओर से ड्यूटी में लापरवाही करने और मरीजों से दुर्व्यवहार करने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं।
अस्पताल प्रबंधन ने इससे निपटने के लिए इमरजेंसी, लेबर रूम के पास और ऑपरेशन थियेटर समेत कई स्थानों पर दो माह पहले ही छह सीसीटीवी लगाए थे।
सीसीटीवी लगने के बाद भी शिकायतों में कोई कमी नहीं आई। अगर कोई मरीज इलाज में लापरवाही की शिकायत तुरंत आला अधिकारियों से करता, तो भी अधिकारी यह तय नहीं कर पाते थे कि उसकी शिकायत जायज है या नहीं।
विज्ञापन
इसके लिए अधिकारियों को सीसीटीवी की फुटेज देखनी पड़ती थी। इस समस्या से निपटने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने अब एक सॉफ्टवेयर की मदद से आला अधिकारियों के मोबाइल फोन को ही सीसीटीवी से कनेक्ट कर दिया है।
विज्ञापन
इससे अधिकारी किसी भी वक्त सीसीटीवी की लाइव रिकॉर्डिंग देख पाएंगे। विशेषकर रात के समय डॉक्टरों और अन्य स्टाफ पर निगरानी रखी जा सकेगी।
आवाज भी होगी रिकॉर्ड
खास बात है कि सिविल अस्पताल में लगे सीसीटीवी अच्छी क्वालिटी के हैं। इनमें रात के समय भी बेहतर रिकॉर्डिंग होती है। साथ ही, आवाज भी अच्छे से रिकॉर्ड होती है।
अगर कोई विवाद हुआ तो अधिकारियों को लाइव रिकॉर्डिंग से पता चल सकेगा कि गलती किस पक्ष की है। इससे अधिकारियों को तुरंत फैसला लेने में आसानी होगी।
इंटरनेट के माध्यम से रखेंगे नजर
सिविल अस्पताल के जिन तीन अधिकारियों के मोबाइल फोन को सीसीटीवी के साथ कनेक्ट किया गया है, उनमें सीएमओ डॉ. रमेश धनखड़, डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक शर्मा और एसएमओ डॉ. सत्येंद्र वशिष्ठ शामिल हैं।
इन अधिकारियों के मोबाइल में डाला गया विशेष साफ्टवेयर इंटरनेट के माध्यम से उन्हें सर्वर से कनेक्ट रखेगा। सर्वर सिविल अस्पताल में ही बनाया गया है।
सीसीटीवी में होने वाली रिकॉर्डिंग सर्वर की हार्ड डिस्क में सेव होती रहेगी। रिकार्डिंग को लाइव मोबाइल पर देखा जा सकेगा। अगर कोई शिकायत करता है, तो उस समय की रिकार्डिंग कंप्यूटर पर भी देखी जा सकेगी।
सिविल अस्पताल की इमरजेंसी, लेबर रूम समेत तमाम स्थानों पर लगे सीसीटीवी को अधिकारियों के मोबाइल से कनेक्ट कर दिया गया है। इससे सिविल अस्पताल में व्यवस्थाएं और बेहतर बनेंगी।
डॉ. रमेश धनखड़, सीएमओ, सिविल अस्पताल, झज्जर