{"_id":"bcba9790303c9442eb6d5e1ac1f4214d","slug":"fired-in-tyre-showroom-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"टायर के शोरूम में लगी आग, लाखों का नुकसान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
टायर के शोरूम में लगी आग, लाखों का नुकसान
ब्यूरो/अमर उजाला बहादुरगढ़
Updated Sun, 13 Dec 2015 11:21 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहतक-दिल्ली मार्ग पर स्थित ऑटो मार्केट के एक टायर शोरूम व गोदाम में रविवार की सुबह भीषण आग लग गई। दो दमकल गाड़ियों की मदद से करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
विज्ञापन
टायर सहित काफी सामान जलकर राख हो गया। शोरूम संचालक को लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। धर्मपुरा निवासी कृष्ण मदान (पम्मी) का ऑटो मार्केट में टायरों का शोरूम और स्पेयर पार्ट्स की दुकान है।
विज्ञापन
रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण मार्केट की अधिकांश दुकानें बंद थीं, शोरूम भी बंद था। साथ लगती स्पेयर पार्ट्स की दुकान खुली हुई थी। इस दुकान के संचालक रवींद्र गुप्ता ने देखा की टायर के शोरूम से धुआं निकल रहा है। उसने तुरंत शोरूम संचालक पम्मी मदान और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां, पुलिस मौके पर पहुंची। रबड़ का सामान होने के कारण आग भीषण रूप धारण कर चुकी थी। शोरूम के ऊपर बने टायरों के गोदाम को भी आग ने चपेट में ले लिया। आग लगने की इस घटना से आसपास हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। दूसरे दुकानदार भी अपनी दुकानों को संभालने में लग गए।
20 लाख नुकसान का अनुमान
जहरीले धुएं के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक काफी सामान जलकर राख हो गया।
टायर, फर्नीचर, स्पेयर पार्ट्स सहित काफी सामान जल गया। बिल्डिंग भी कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुकानदार पम्मी के मुताबिक, आग लगने से उन्हें करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दमकल गाड़ी के पाइप लीक
प्रत्यक्षदर्शी रवींद्र गुप्ता ने बताया कि दमकल की एक गाड़ी समय पर तो आ गई, मगर उसके पाइप फटे हुए थे। लीकेज के कारण प्रेशर नहीं बन पा रहा था।
इसके बाद एमआईई स्थित दमकल केंद्र से एक और गाड़ी को बुलवाया गया। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। यदि दमकल गाड़ियों की व्यवस्था सही होती तो ज्यादा नुकसान नहीं हो पाता।
बड़ा हादसा टला
आग लगने की इस घटना से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऑटो मार्केट में काफी संख्या में टायरों, बैटरी और स्पेयर पार्ट्स की दुकानें हैं। जिस शोरूम में आग लगी उसके पास ही एक बैटरी की दुकान थी। यदि आग बैटरी की दुकान तक पहुंच जाती तो बेहद बड़ा हादसा हो जाता।