झज्जर में रोहतक जैसी वारदात : अखाड़े में पहलवान को मारी गोली, चरखी दादरी के अस्पताल में तोड़ा दम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झज्जर के अंतिम छोर पर बसे गांव बहु झोलरी में शुक्रवार शाम पहलवान को गोली मार दी गई। घायल अवस्था में उसे चरखी दादरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही साल्हावास पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी नरेश कुमार व एसपी राजेश दुग्गल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना करने के बाद साल्हावास पुलिस थाना प्रभारी व अन्य टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झाड़ली पुलिस चौकी, साल्हावास पुलिस थाना प्रभारी, सीआईए झज्जर व डीएसपी नरेश कुमार के टीमें छापेमारी कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे खानपुर कलां गांव निवासी विक्रम पुत्र रामनिवास उर्फ मडू पहलवान गांव से कुछ दूरी पर खोरड़ा रोड पर पेंगा अखाड़ा में गया हुआ था। इसके साथ उसके पिता का भी अखाड़ा है। पेंगा अखाड़े में कुछ युवक शराब पी रहे थे। उस दौरान किसी बात पर कहासुनी को लेकर युवकों ने विक्रम को गोली मार दी। घायल अवस्था में उसे चरखी दादरी के सामान्य अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मृतक के सीने में एक गोली लगी है।
इकलौता बेटा था विक्रम
विक्रम के पिता पहले रामनिवास चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत हैं। वह सेवानिवृत्त होने के बाद गांव के नजदीक है खोरड़ा मोड़ पर अखाड़ा चलाते हैं। जहां पर पहलवानों को कुश्ती का प्रशिक्षण देते हैं। विक्रम भी अपने अखाड़े में पहलवानी का प्रशिक्षण ले रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। लेकिन पुलिस ने फिलहाल आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए हैं।
मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू की गई है। मृतक के शव को चरखी दादरी के सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है। शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। - रामकरण, पुलिस थाना प्रभारी, साल्हावास।