पहले युवक पर बरसाई गोली, अस्पताल ले जाते वक्त कार को मारी टक्कर, पुलिस मुठभेड़ में दो गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव आसौदा टोडरान में शनिवार सुबह बाइक से आए तीन बदमाशों ने घर के बाहर खड़े युवक पर करीब पांच गोलियां चलाईं। इस दौरान दो गोली घर के बाहर खड़े अमित और एक गोली उसके पास खड़े अशोक को लगी।
इसके बाद अमित के भाई दोनों को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए बहादुरगढ़ के लिए चल दिए। घर से कुछ दूर जाने पर सफेद रंग की ब्रेजा कार में सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर नाले के नजदीक पहुंचने पर उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी।
इससे कार पलट कर नाले में गिर गई। वहीं भागते वक्त बदमाशों की मुठभेड़ पुलिस से हो गई और गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल व एक अन्य बदमाश को दबोच लिया है। बाकी की तलाश कर रही है।
ये वारदात दो पक्षों में पिछले कई साल से चल रह रंजिश के चलते हुई है। पुलिस ने इस मामले में रोहित उर्फ रेक्सो, नवीन, अश्वनी, मोंटी, छोटा, रिंकू और युवी समेत सात और अन्य के खिलाफ 120बी, आर्म्स एक्ट और 307 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को मौके से दो गोलियों के खोल भी मिले हैं।
दरअसल, गांव आसौदा टोडराण का निवासी अमित शनिवार की सुबह करीब 9 बजे अपने घर के बाहर खड़ा था। इस दौरान बाइक सवार तीन युवक आए और गोलियां चला दी। एक गोली अमित की पीठ पर ली। इसके अलावा नजदीक खड़े अशोक के पांव में भी गोली लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
अमित के भाई विकास व अन्य परिजनों ने दोनों घायलों को लेकर बहादुरगढ़ के लिए चल दिए। घर से कुछ दूर पर सफेद रंग की ब्रेजा कार में सवार बदमाशों ने इनका पीछा किया और नाले के नजदीक पहुंचने पर कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार पलट कर नाले में गिर गई। इस दौरान हमलावरों की गाड़ी भी अनियंत्रित हो गई और साथ लगती खाली जमीन पर पलट गई।
गाड़ी पलटने के बाद गाड़ी में सवार बदमाश भाग गए। कार पलटने से अमित के भाई विकास को भी हलकी चोट आई। ग्रामीणों ने सभी को बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोपहर तक अमित की हालत में सुधार था।
वहीं घायल अशोक के पांव से गोली नागरिक अस्पताल में निकाली गई। यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई है। गांव के ही निवासी अश्विनी व उसके साथियों का नाम मामले में सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुठभेड़ में दो बदमाश पकड़े गए
ब्रेजा गाड़ी पलटने के बाद जब बदमाश भागने लगे तब तक बहादुरगढ़ पुलिस हरकत में आ चुकी थी। पुलिस ने बराही के पास दो बदमाशों को घेर लिए। जब सीआईए टू के इंचार्ज ने बदमाशों को सरेंडर करने को कहा तो एक बदमाश ने गोलियां चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
गोली एक बदमाश के पांव में लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। घायल बदमाश की पहचान नांगलोई के निवासी मोंटी के रूप में हुई है। जबकि दूसरा बदमाश नवीन गांव आसौदा का ही रहने वाला है। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
कड़ी सुरक्षा में गई एंबुलेंस
मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में लाया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। प्राथमिक उपचार के बाद घायल बदमाश को पीजीआई रोहतक ले जाया गया। पुलिस सुरक्षा में एंबुलेंस रोहतक पहुंची।
रोहित के इशारे पर हुई वारदात
अमित पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गांव आसौदा के निवासी अश्विनी, नवीन व मोंटी सहित कुछ अन्य बदमाशों पर आसौदा थाने में जबकि नवीन व मोंटी के खिलाफ लाइनपार थाने में पुलिस पर गोली चलाने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। जानकारी के मुताबिक, संदीप की हत्या के आरोप में जेल में बंद रोहित के इशारे पर अश्विनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ये वारदात की है।
पूरी प्लानिंग के तहत की गई वारदात
बदमाशों द्वारा पूरी योजना के तहत यह वारदात की गई। पहले बाइक सवार तीन युवकों ने हमला किया। इसके बाद गांव से बहादुरगढ़ जाने वाले मार्ग पर एक गाड़ी में बदमाश बैठे रहे। जैसे ही अमित का भाई विकास गाड़ी लेकर वहां से गुजरा तो पीछा किया और टक्कर मार दी। वारदात करने वालों में कुछ पेशेवर बदमाश भी हैं, जिनमें से एक मोंटी है। ये पेशेवर बदमाश सुपारी लेकर वारदात करते हैं। ये किस गिरोह से हैं पूछताछ में खुलासा हो पाएगा।
अन्य आरोपी भी जल्द पकड़ेंगे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुरानी रंजिश के चलते ये वारदात हुई है। दो बदमाशों को मुठभेड़ में पकड़ लिया गया है। फरार चल रहे अन्य बदमाशों को भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। - अजायब सिंह डीएसपी, बहादुरगढ़