अमर उजाला ब्यूरो
बादली। बाढ़सा में नवनिर्मित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का 12 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंस के जरिये उद्घाटन करेंगे। बादली हलके से विधायक एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को जिला प्रशासन व एम्स प्रशासन के अधिकारियों की बाढ़सा में संयुक्त बैठक लेकर उद्घाटन समारोह के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि कैंसर संस्थान के शुभारंभ समारोह में देश के स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। एम्स प्रशासन की ओर से डॉ. एंजल सिंह ने बताया कि शुभारंभ कार्यक्रम सुबह साढ़े 9 बजे से प्रारंभ होगा। पीएम द्वारा कुरुक्षेत्र से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव होगा ताकि राष्ट्रीय कैंसर संस्थान में पहुंचे लोग भी गौरवशाली पलों के गवाह बन सकें। उद्घाटन कार्यक्रम को लाइव प्रदर्शित करने के लिए एम्स द्वारा व जिला प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था की जा रही है। उद्घाटन समारोह को सफल बनाने के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त झज्जर सुशील सारवान, एसडीएम बादली त्रिलोक चंद, एसडीएम झज्जर विजय सिंह, नगराधीश विजय सिंह, जीएम रोडवेज महताब सिंह खर्ब, एसई सिंचाई विभाग आर एस सौलखा, बलराज सिंह एसई लोक निर्माण विभाग, तहसीलदार जनेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता वीएस मलिक, बीडीपीओ रामफल, एम्स प्रशासन की ओर से डॉ एंजल सिंह सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।