हिसार। सूर्य नगर अंडरपास पर लोहे का शेड लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। बारिश के पानी को अंडरपास में आने से रोकने के लिए यह शेड लगाया जा रहा है। दोनों अंडरपास पर शेड लगाने में करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च आएगा। बता दें कि पहले अंडरपास पर फाइबर शीट का शेड लगाने की योजना थी। मगर जिस एजेंसी को इसके डिजाइन व एस्टीमेट की जिम्मेदारी दी गई, उसने इसे लोहे की चद्दर लगाने का प्रस्ताव दिया, जिसे अधिकारियों ने मंजूरी दे दी।
एक अंडरपास में निकल रहा भूमिगत पानी
सूर्य नगर अंडरपास में भूमिगत पानी बाहर आ रहा है, जिस कारण से अंडरपास में हर समय थोड़ा पानी भरा रहता है और पानी के कारण कीचड़ हो जाता है, जिससे वाहनों के फिसलने का भी डर बना रहता है। सूर्य नगर के लोगों का कहना है कि सेक्टर 1-4 वाले अंडरपास ठीक है। यह अंडरपास हमेशा सूखा रहता है। मगर सूर्य नगर वाले अंडरपास में हर समय कीचड़ बना रहता है। उन्होंने अधिकारियों से मांगी की है कि इस समस्या का समाधान किया जाए। ऐसी ही कुछ समस्या कैमरी रोड अंडरपास में भी है। यहां भी पानी का जलस्तर ऊपर होने के कारण अंडरपास उबड़ खाबड़ है और इसमें भी ज्यादातर समय पानी जमा रहता है।