हिसार। अहीर रेजीमेंट के लिए हरियाणा विधानसभा में प्रस्ताव पारित करा कर केंद्र सरकार को भेजेंगे। इसके अलावा जिले में यादव समाज को शिक्षण संस्थान खोलने के लिए दो एकड़ जमीन दिलाने के लिए सीएम के समक्ष प्रस्ताव रखेंगे। यह कहना है प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव का। वह वीरवार को जीजेयू के नजदीक यादव धर्मशाला में जन्माष्टमी पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कोसली विधायक लक्षमण यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर हांसी के विधायक विनोद भयाना मौजूद रहे। इस दौरान स्मारिका का विमोचन किया गया। वहीं स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर यादव सभा के प्रधान अजीत यादव, पूर्व प्रधान सीताराम यादव, सहदेव यादव, राजेश यादव, मनोहरलाल यादव, बलजीत यादव, मांगेराम यादव, राजपाल चेयरमैन, जिला पार्षद मनोज यादव आदि मौजूद रहे।