सिवानी मंडी। खंड के गांव कलाली में शुक्रवार की रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर तीन अलग-अलग घरों से लाखों रुपये की नकदी के अलावा लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर गए। मामले की सूचना के बाद डी.एस.पी. मनोज कुमार व थाना प्रभारी कुलदीप कुमार सहित पुलिस की विभिन्न टीमों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी देवकरण ने सिवानी पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की रात को वे घर में सोए हुए थे। इस दौरान उनके घर के कमरे का कुंडा काट कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने इस दौरान घर में रखी अलमारी व संदूक में सामान को पूरी तरह से बिखेर दिया और अपनी वारदात को अंजाम दिया। चोरी की वारदात की सूचना के साथ ही गांव में यह खबर तुरंत फैल गई। शिकायत के अनुसार चोरों ने गांव के बलवान के घर पर दरवाजे पर लगी सांकल को तोड़ कर दर्जनों तोले सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरों ने इसके अलावा गांव के सुनील कुमार के घर का भी ताला तोड़ कर सोने व चांदी के आभूषणों के अलावा 17 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी की तीन वारदातों को देखते हुए चोरों को काबू करने के लिए जांच के लिए सी.आई.ए., डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट, साइबर क्राइम टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस आसपास में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों को भी खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में पुलिस गहनता से जांच कर रही है।