{"_id":"57fd34764f1c1b266c28e195","slug":"survey-rob-survey-rub-survey-rob-rub-survey-in-hisar-chief-engineer-pwd-hisar","type":"story","status":"publish","title_hn":"चीफ की मंजूूरी के बाद अब इंजीनियरिंग एक्सपर्ट टीम करेगी सर्वे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चीफ की मंजूूरी के बाद अब इंजीनियरिंग एक्सपर्ट टीम करेगी सर्वे
ब्यूरो / अमर उजाला, हिसार
Updated Wed, 12 Oct 2016 12:21 AM IST
विज्ञापन
हिसार। रेलवे फाटक पार करते हुए सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर इन चीफ व अन्य
- फोटो : bureau
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर इन चीफ के साथ शहर के 10 स्थानों का मुआयना किया। इसमें रेलवे फाटकों पर आरओबी, आरयूबी को लेकर विमर्श किया। पीडब्ल्यूडी की एक्सपर्ट इंजीनियर्स की टीम जल्द ही सर्वे के लिए हिसार आएगी, जिसके बाद इन स्थानों पर आरओबी, आरयूबी को लेकर फैसला किया जाएगा।
विज्ञापन
पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर इन चीफ राकेश मनोचा मंगलवार को हिसार पहुंचे। सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता, भाजपा महामंत्री सुजीत कुमार, एक्सईएन राय सिंह सहित अन्य अधिकारियों की टीम ने शहर की प्रमुख रेलवे फाटक व रोड का मुआयना किया। टीम सबसे पहले निरंकारी भवन रेलवे फाटक पर पहुंची। इस फाटक पर आरयूबी बनाने का प्रस्ताव दिया गया। इसके बाद टीम ने महाबीर कॉलोनी डबल रेलवे फाटक का अवलोकन किया। इंजीनियर चीफ राकेश मनोचा ने यहां अंडरपास का प्रपोजल दिया। उन्होंने कहा कि महाबीर कॉलोनी की ओर काफी गहराई है। इस कारण यहां अंडरपास बनाना बेहतर विकल्प होगा। टीम ने सूर्य नगर की रेलवे फाटक तथा सेक्टर 3-5 रेलवे फाटक का निरीक्षण किया। यहां चीफ इंजीनियर ने दोनों फाटक के नीचे अंडरपास तथा सेक्टरवासियों के लिए ओवरब्रिज का प्रस्ताव दिया, जिससे सूर्य नगर के लोगों को भी फायदा होगा।
विज्ञापन
साउथ बाईपास पर सातरोड रेलवे फाटक पर आरओबी पर सहमति बनी। साउथ बाईपास के सेक्टर 16-17 रेलवे फाटक पर आरओबी तय किया गया। कैमरी रोड रेलवे फाटक के लिए आरयूबी का प्रपोजल दिया। चीफ इंजीनियर ने साउथ बाईपास के बचे हुए काम का मुुआयना किया। बस अड्डे से साउथ बाईपास को जोड़ने वाली सड़क का निरीक्षण किया। सब्जी मंडी से मुलतानी चौक, पुरानी सब्जी मंडी, जहाजपुल की सड़कों का मुआयना भी कराया गया। अधिकारियों के साथ निकले सीपीएस की टीम ने करीब दो घंटे तक मुआयना किया। सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि एक्सपर्ट टीम के सर्वे के बाद कार्यों की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। उसके अनुसार काम शुरू कराए जाएंगे।
विज्ञापन
16 बिंदुओं पर किया डेढ़ घंटे मंथन
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि साउथ बाईपास की एनओसी, डीसीएस से एयरपोर्ट रोड, सूर्य नगर फाटक आरओबी, साउथ बाईपास आरओबी, डाबड़ा चौक फ्लाईओवर फोरलेन, कैमरी रोड, निरंकारी भवन रेल लाइन पर आरयूबी, सेक्टर 1-4 से मिलगेट रोड निर्माण, तलाकी गेट पर हैंगिंग मार्केट, डाबड़ा चौक से साउथ बाईपास तक रोड फोरलेन करना, कैमरी रोड से कैंप चौक तक रोड फोरलेन करना, हिसार सिवानी रोड मेंटेनेंस, मलिक चौक से साउथ बाईपास तक रोड फोरलेन, ओल्ड डीएचएस रोड मेंटेनेंस सहित कुल 16 बिंदुओं पर मंथन किया गया।
नलवा विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए कैमरी रोड तथा सेक्टर 16-17 फाटक पर आरओबी, आरयूबी के लिए सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता से अनुरोध किया था। चीफ इंजीनियर ने इन दोनों साइट को देेखने के बाद इन प्रोजेक्ट को फिजिबल बताया है। कैमरी रोड पर अंडरपास तथा सेक्टर 16-17 फाटक पर आरओबी का प्रस्ताव है।
- सुजीत कुमार, जिला महामंत्री, भाजपा
सीपीएस, चीफ इंजीनियर ने तोडे़ नियम
सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता तथा इंजीनियर इन चीफ ने मंगलवार को मुआयना करते समय रेलवे के नियमों का उल्लंघन किया। सेक्टर 1-4 की फाटक पर पहुंचे तो फाटक बंद था। डॉ. कमल गुप्ता, राकेश मनोचा, सुजीत कुमार के साथ अन्य सभी रेलवे फाटक के नीचे से होते हुए रेलवे लाइनों के बीच पहुंचे। कुछ मिनट तक मुआयना करने के बाद वापस लौट आए। रेलवे फाटक बंद होने के बाद उसके नीचे से रेल लाइन पर जाना रेलवे नियमों का उल्लंघन है। जिस पर जुर्माना व सजा का प्रावधान है।