हिसार। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से शुक्रवार को एडवेंचर स्पोर्ट्स पॉलिसी के अंतर्गत मिंगनीखेड़ा निवासी नरेंद्र कुमार को एडवेंचर शास्त्री की गतिविधि में सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि हासिल किए जाने पर हरियाणा प्रदेश का प्रथम सी ग्रेड का खेल ग्रेडेशन प्रमाण पत्र जारी किया गया। नरेंद्र कुमार ने 16 मई 2022 को वर्ल्ड की चौथे नंबर की चोटी माउंट ल्होत्से को फतह किया था।
खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग हरियाणा की ओर से 23 जून 2021 को एडवेंचर स्पोर्ट्स ग्रेडेशन पॉलिसी में 10 चोटियों को मान्यता दी थी। उनमें माउंट ल्होत्से चोटी भी शामिल है। शुक्रवार को महावीर स्टेडियम में नरेंद्र कुमार को खेल विभाग के डिप्टी डायरेक्टर सत्यदेव मलिक ने खेल ग्रेडशन प्रमाण पत्र दिया। पर्वतरोही नरेंद्र कुमार ने बताया कि चोटी फतह करने वाले पर्वतारोही को सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का कैश अवार्ड देने का भी प्रावधान है। करीब 10 दिन पहले नरेंद्र कुमार को खेल विभाग के डायरेक्टर पंकज नैन ने भी पंचकूला में सम्मानित किया था। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी कुमारी संतोष धीमान, ग्रेडेशन कमेटी के सदस्य दलबीर सिंह, योग अधिकारी हरमेश चंद्र, वाईसीओ रेखा ऊबा, निखिल, जगबीर, रचना, रमेश सिंह, सुभाष चंद्र मौजूद रहे।