फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   Questions on the encounter... Relatives said Pravesh-Himanshu were killed in a conspiracy

Hisar News: एनकाउंटर पर सवाल...परिजन बोले प्रवेश-हिमांशु को साजिश रचकर मारा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 07 Jul 2026 12:56 AM IST
विज्ञापन
Questions on the encounter... Relatives said Pravesh-Himanshu were killed in a conspiracy
हिसार। हांसी में जिम संचालक कपिल रेढ़ू की हत्या में वांछित आरोपियों प्रवेश व हिमांशु के एनकाउंटर पर परिजनों ने पुलिस की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि पुलिस ने दोनों का फर्जी एनकाउंटर किया। परिजनों का कहना है कि दोनों के पेट, सीने और दिल पर गोली लगी थी। मृतकों के शव सोमवार को उनके गांव लाए गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन

हिसार के टिब्बा दानाशेर की गली नंबर-6 निवासी प्रवेश के पिता जयप्रकाश ने बताया कि जिम संचालक की हत्या वाले दिन 11 जून को पुलिसकर्मी उनके घर आए थे। उन्होंने कुछ फोटो दिखाए और पूछा कि क्या इनमें प्रवेश का फोटो है। उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनसे ही प्रवेश का फोटो मांगा और उसका मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। इसके बाद से प्रवेश घर से लापता था।
विज्ञापन

रविवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि प्रवेश का एनकाउंटर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रवेश की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे तक मिली थी। सवाल यह है कि पुलिस ने उसे पुणे से पकड़ लिया था तो एनकाउंटर यहां कैसे हुआ। जयप्रकाश ने दावा किया कि पुलिस ने 9 एमएम की पिस्तौल से 30 मीटर की दूरी से प्रवेश को गोली मारी जबकि इसकी रेंज 20 मीटर ही होती है। प्रवेश के दिल, सीने और पैर में गोली लगी थी। यह फर्जी एनकाउंटर है।
विज्ञापन
विज्ञापन

मेरा बेटा शूटर नहीं था : सुशील

जाखोदखेड़ा निवासी हिमांशु के पिता सुशील कुमार ने बताया कि जिम संचालक की हत्या वाले दिन दोपहर करीब ढाई बजे हांसी सीआईए स्टाफ उनके घर आया था और उन्हें जबरन अपने साथ ले गया। उन्होंने कहा कि हिमांशु की कपिल हत्याकांड में लिप्त शूटर से बातचीत हुई थी। इसका मतलब यह है कि उनका बेटा शूटर नहीं था। यदि वह शूटर नहीं था तो उसका एनकाउंटर क्यों किया।उसके दिल और पेट में गोली लगी थी। एनकाउंटर में तो केवल घुटनों के नीचे गोली मारी जाती है।

--

प्रवेश ने शादी से कर दिया था मना

प्रवेश के पिता जयप्रकाश ने बताया कि उन्होंने उससे शादी के बारे में पूछा था तो जवाब दिया कि वह शादी नहीं करना चाहता। अभी प्रवेश की एक बहन भी अविवाहित है। वह चाहते थे कि दोनों की एक साथ ही शादी करवा दी जाए।

-------

सुंदर टकला ने व्हाट्सएप संदेश में कहा - पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर किया
हांसी। जिम संचालक कपिल रेढ़ू हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और विदेश में बैठे लॉरेंस गैंग के गुर्गे सुंदर टकला ने व्हाट्सएप संदेश भेजकर एनकाउंटर को फर्जी करार दिया है। सुंदर ने मैसेज में कहा कि पुलिस ने दोनों लड़कों को केरल से पकड़ा था जिसकी सीसीटीवी फुटेज उसके पास है। जिन दो शूटरों का बहादुरगढ़ में एनकाउंटर दिखाया है वह पूरी तरह फर्जी है। सुंदर ने पुलिस को चुनौती देते कहा कि उसके पास इस बात के पक्के सबूत और सीसीटीवी फुटेज हैं कि पुलिस ने दोनों को पहले ही हिरासत में ले लिया था। सुंदर ने दावा किया कि मारे गए दोनों लड़कों के पास कोई हथियार नहीं थे। जिस हथियार से जिम संचालक की हत्या की गई वह पहले से ही हांसी की सीआईए-2 टीम के पास जमा है। सुंदर ने धमकी दी कि दो लड़कों के मारे जाने से यह मत समझना कि वह रुक जाएगा। अब वह कसूरवार और बेकसूर में फर्क नहीं करेगा। जो भी रास्ते में आएगा उसे मार दिया जाएगा। यह संदेश व्हाट्सएप के जरिए रविवार देर रात कई सोशल मीडिया चैनलों पर भेजा गया। जिस नंबर से यह संदेश जारी किया गया वह ऑस्ट्रेलिया का बताया जा रहा है। संवाद

----------------

बहन के रिश्ते के लिए लड़के वालों के आने की बात कह हिमांशु को साथ लेकर गया था प्रवेश

हिसार। एनकाउंटर में मारे गए हिमांशु के पिता सुशील कुमार ने बताया कि 11 जून से उससे कोई संपर्क नहीं था। टिब्बा दानाशेर की टीमें हमारे गांव में अक्सर कुश्ती प्रतियोगिता के लिए आती थीं। हिमांशु खुद कुश्ती का खिलाड़ी था। इसी दौरान उसकी प्रवेश से पहचान हुई। उन्होंने बताया कि 9 जून को प्रवेश उनके घर आया और कहा कि बहन के रिश्ते के लिए लड़के वाले आ रहे हैं। वह हिमांशु को अपने साथ हिसार लेकर जा रहा है। हिमांशु का सिम रिचार्ज नहीं था तो वह गुस्से में मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था। ऐसे में वह प्रवेश के फोन के माध्यम से ही उससे बात कर रहे थे। हिमांशु को 10 जून को घर आना था लेकिन नहीं आया। उसने कहा कि वह 11 जून को आएगा। उस दिन प्रवेश को फोन किया जो स्विच ऑफ था।

सुशील कुमार ने बताया कि उन्हें रविवार सुबह हिमांशु के एनकाउंटर में मारे जाने की जानकारी मिल गई थी पर घर में किसी को नहीं बताई। सोमवार सुबह करीब 8 बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed