अग्रोहा मेडिकल में बढ़ेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं : नवीन जिंदल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराजा अग्रसेन मेडिकल एजूकेशन एंड साइंटिफिक रिसर्च सोसायटी के अध्यक्ष नवीन जिंदल ने कहा है कि जनसेवा को समर्पित अग्रवाल समाज के एकमात्र अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाएं और बढ़ाई जाएंगी। मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का आभार जताते हुए जिंदल ने कहा कि सरकार के सहयोग से कॉलेज में डायलिसिस सेंटर, एमआरआई, सीटी स्कैन आदि की स्थापना शीघ्र की जाएगी। पीजी कोर्सेज के लिए 16 सीटों की मंजूरी मिलने से जनसेवा के प्रति अग्रवाल समाज का मनोबल बढ़ा है। जिंदल ने सोमवार को महाराजा अग्रसेन मेडिकल एजूकेशन एंड साइंटिफिक रिसर्च सोसायटी की गवर्निंग बॉडी मीटिंग को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने अग्रवाल समाज की भावनाओं को समझते हुए पूंजीगत परियोजनाओं के लिए पीपीपी मॉड्यूल पर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के साथ तीन साल के लिए समझौता किया है। इसके तहत अनेक विशेषज्ञ सेवाएं शुरू करने में सरकार पूर्ण सहयोग करेगी। जिंदल ने कहा कि हाल में उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज को सहयोग देने के लिए धन्यवाद किया था एवं उनके समक्ष कुछ मांगें रखी थीं। इनमें विचाराधीन 42 नई फैकल्टी एवं 17 नए अध्यापकों के पद सृजन एवं एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, बीएससी ऑप्टोमेट्री ऑप्थैलमिक टेक्निक व बीएससी रेडियोग्राफी एंड इमेज टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव प्रमुख था। उन्होंने 2016-17 के लिए 70 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
जिंदल ने कहा कि कॉलेज में एमबीबीएस सीटें 50 से बढ़ाकर 100 करने पर हरियाणा सरकार ने सहमति दे दी है। इस सिलसिले में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम शीघ्र निरीक्षण करेगी। इसी प्रकार ट्रॉमा सेंटर के लिए भी हरियाणा सरकार ने मंजूरी दे दी है। जिंदल ने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ सुविधाएं बढ़ाने के मकसद से इंटर्न एवं रेजिडेंट डॉक्टर्स के लिए 100 कमरों का हॉस्टल एवं आठ मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर व सेंट्रल एसी प्लांट लोकार्पण के लिए तैयार है। गौरतलब है कि अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन औसत ओपीडी 1100 से 1300 मरीजों की है। कॉलेज में पहले से हड्डी रोग, शल्य चिकित्सा एवं शरीर रचना विज्ञान में पीजी की दो-दो सीटें हैं, लेकिन अब कम्यूनिटी मेडिसिन, फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, ऑप्थॉलमोलॉजी, फांरेंसिक साइंस, फिजियोलॉजी एवं एनेस्थीसिया में स्नातकोत्तर (पीजी) के लिए 16 सीटों की स्वीकृति मिल गई है। बैठक में सोसायटी के उपाध्यक्ष जगदीश मित्तल, कोषाध्यक्ष मनमोहन गोयल, नरेश गर्ग, अशोक कुमार गोयल, आरपी जिंदल, शीतल कुमार अग्रवाल, डॉ. अनुराग अग्रवाल, पवन गर्ग, आरसी गुप्ता, त्रिलोकनाथ अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, राजीव जैन, अग्रोहा मेडिकल के सीईओ डीपी वत्स एवं डॉ. गोपाल सिंघल आदि मौजूद थे।