{"_id":"58b46a714f1c1bec27830d7c","slug":"matka-chok-hisar-sdm-ashok-bansal-hisar-hisar","type":"story","status":"publish","title_hn":"मटका चौक का नाम बदलने गए युवा, पुलिस ने लिया हिरासत में, विरोध में जॉट कॉलेज में हुई हड़ताल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मटका चौक का नाम बदलने गए युवा, पुलिस ने लिया हिरासत में, विरोध में जॉट कॉलेज में हुई हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो/हिसार
Updated Tue, 28 Feb 2017 12:03 AM IST
विज्ञापन
matka chok
- फोटो : Bureau
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मटका चौक का नाम बदलने पहुंचे जाट युवाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ एसडीएसम अशोक बंसल तथा डीएसपी भगवानदास ने मोर्चा संभाला। युवाओं की गिरफ्तारी के बाद जाट कॉलेज के छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार करते हुए हड़ताल कर दी। हड़ताली युवाओं ने कॉलेज के गेट पर ताला जड़ दिया।
विज्ञापन
छात्र नेता सुखबीर श्योराण की ओर से मटका चौक का नाम बदलकर जाट शहीदी चौक रखने का एलान किया गया था। एलान के अनुसार यह युवा सोमवार की सुबह करीब 11 बजे जाट धर्मशाला में जुटे। सुखबीर ने बताया कि हरियाणा विद्यार्थी संघर्ष समिति के सदस्यों ने डीसी को ज्ञापन देकर मटका चौक का नाम जाट शहीद चौक रखने की मांग की थी। आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते युवाओं ने अपने स्तर पर ही चौक का नामकरण का फैसला लिया। सुखबीर श्योराण के नेतृत्व में युवा प्रदर्शन करते हुए मटका चौक की तरफ रवाना हुए। पुलिस ने इन सभी को मटका चौक से पहले ही रोक लिया। एसडीएम अशोक बंसल, डीएसपी भगवान दास सहित अन्य अधिकारियों ने युवाओं को समझाते हुए वापस लौटने को कहा। हाथ में बोर्ड लेकर खडे़ युवा नहीं माने। आगे न जाने देने पर गिरफ्तारियां देने की बात कही। स्थिति ना बिगड़े इस कारण इन सभी को पुलिस की बस में बिठाकर सिविल लाइन थाना ले जाया गया। इन युवाओं के हिरासत में लेने की सूचना के बाद जाट कॉलेज में कुछ युवकों ने हड़ताल करवा दी। कक्षाओं को खाली करवा दिया गया। कुछ युवकों ने कॉलेज के गेट पर भी ताला जड़ दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ताला लगाने वाले युवाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे ताला खोलने पर सहमत नहीं हुए। बाद में पुलिस ने इन युवाओं को वहां से हटाकर सिविल लाइन थाना में ले गई।
विज्ञापन
चौक से कॉलेज तक रही तनाव की स्थिति
प्रदर्शन को लेकर सुबह 8 बजे से ही पुलिस बल को चौक पर तैनात कर दिया गया था। दोपहर करीब ढाई बजे तक तनाव की स्थिति बनी रही। प्रदर्शन के मद्देनजर वहां पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया था। यहां पर करीब दस से अधिक पुलिस वाहन लगाए गए थे। करीब 110 से अधिक पुलिस कर्मी लगाए गए थे। दोपहर करीब तीन बजे तक तनाव के हालात रहे।
विज्ञापन
सुबह गिरफ्तार शाम को छोड़ा
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने करीब 20 युवाओं को हिरासत में लिया। इन सभी को धारा 7 व 51 के तहत यानी शांति भंग करने की आशंका के केस में गिरफ्तार किया गया था। इनमें सुखबीर श्योराण के अलावा दीपक, संदीप, प्रहलाद, रोहित, प्रदीप, मोहित, प्रदीप कुमार, जोगेंद्र, मंदीप, सतीश, अशोक कुमार, मोनू, संजीत, विकेंद्र, मंजीत कुमार को हिरासत में लिया गया। दोपहर को अमित, हरिकेश, सौरभ, संदीप को हिरासत में लिया गया। सभी को शाम को एसडीएम की कोर्ट में पेश किया गया। एसडीएम अशोक बंसल ने इन सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।
छात्र सम्मेलन के बाद आगे की रणनीति
आजाद किसान छात्र संगठन से जुड़े युवाओं ने ज्ञापन देकर पकड़े गए युवाओं को छोड़ने की मांग की। छात्र नेता सौरभ ढांडा ने आरोप लगाया कि जाट समाज के खिलाफ साजिश रचकर ऐसे कार्यों के लिए भड़काया जा रहा है। सरकार की ऐसी साजिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। जाट शहीद चौक के बारे में छात्र सम्मेलन के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
हमारे कॉलेज के कैंपस में कुछ नहीं हुआ। चार पांच बाहरी स्टूडेंट कॉलेज परिसर में आ गए। कक्षाओं में घुस कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे थे। लड़कियों को अंदर बैठा लिया था। क्लास को बंद करा दिया था। कुछ देर बाद डीएसपी आ गए थे। दोपहर साढे़ 11 बजे के बाद क्लास नहीं लग सकी।
- रघुबीर गोयत, कार्यवाहक प्रिंसिपल, जाट कॉलेज, हिसार
आई कार्ड के बाद ही एंट्री
कॉलेज प्रशासन ने डीसी निखिल गजराज को फोन कर सुरक्षाकर्मी मांगे है। मंगलवार को कॉलेज में आई कार्ड जांचने के बाद ही एंट्री होने देंगे। सुबह से ही गेट पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रशासन की ओर से सुबह से ही सुरक्षा मजबूत कर दी जाएगी।