Haryana: बारिश व ओलावृष्टि का असर, दिन के तापमान में आई 8 डिग्री तक की गिरावट; शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी
पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली से आगे निकला, वैसे ही 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं ने ठंड के तेवरों को और अधिक प्रचंड बना दिया।
विस्तार
प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश व ओलावृष्टि के असर से रविवार को दिन के तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट आ गई। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया। तीन जनवरी तक हाड़कंपाने वाली ठंड से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने भी 30 दिसंबर को कोहरे व शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि रविवार को पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली से आगे निकला, वैसे ही 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं ने ठंड के तेवरों को और अधिक प्रचंड बना दिया। वातावरण में मौजूद नमी से ऊपरी सतह पर कोहरे की सफेद चादर बन गई, जिसकी वजह से कई जगहों पर धूप नहीं निकली और कुछ स्थानों पर धुंधली धूप रही। इस कारण से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बनी रही। इस दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अंतर काफी कम रहा।
क्षेत्र-अधिकतम-न्यूनतम
अंबाला-15.8-11.1
हिसार-13.6-9.0
करनाल-13.0-11.0
रोहतक-12.2-11.0
भिवानी-11.7-8.9
सिरसा-13.4-8.0
ओलों की मार से गेहूं और सरसों को नुकसान
हिसार के आसपास जिलों में शुक्रवार की रात हुई ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। हिसार, चरखी दादरी, फतेहाबाद और भिवानी में गेहूं, सरसों पर मौसम की मार पड़ी है। हिसार जिले में बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से करीब 50 गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है। कृषि विभाग ने नुकसान की प्राथमिक रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेजी है। इसमें एक लाख एकड़ गेहूं और 20407 एकड़ सरसों में 25 प्रतिशत तक के नुकसान की रिपोर्ट भेजी है।
इसमें नारनौंद में सबसे अधिक 82350 एकड़ गेहूं और 7750 एकड़ सरसों में नुकसान आंका गया है। जिले के गांव बुडाना, राखी शाहपुर, राखी खास, मिलकपुर, खेड़ी रोज, मिर्चपुर, गामडा, खेड़ी चौपटा, कापड़ों, गैबीनगर, नाड़ा, कोथ कलां, कोथ खुर्द, माजरा, पेटवाड़, राजपुरा, पाली, माढ़ा, भैणी अमीरपुर, मोठ, लोहारी राघो, गढ़ी अजीमा, मोडाखेड़ा, काबरेल, सदलपुर, किशनगढ़, खारा बरवाला, मोहबतपुर, ढाणी मोहबतपुर, घुड़साल, तेलनवाली, चौधरीवाली, चबरवाल आदि गांवों में फसलों को नुकसान हुआ है।
फतेहाबाद जिले के 13 गांवों में 3500 एकड़ में सरसों की फसल में 40 से लेकर 80 प्रतिशत नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि से 240 एकड़ में सब्जियों व बागवानी की फसल में 50 फीसदी तक हुआ नुकसान हुआ है। जिला राजस्व विभाग की टीमें सोमवार को प्रभावित इलाके का दौरा कर नुकसान का आकलन करेंगी।
चरखी दादरी जिले के गांव मौड़ी, मकड़ाना, समसपुर, दूधवा, छिल्लर, मिसरी, चांगरोड़, मंदोला, घसोला, डाढ़ी बाना, दातौली, रामनगर, कपूरी, रणकोली, रानीला, कोहलावास आदि गांवों में ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। जिले में सरसों व सब्जी की खेती में 50 से 75 फीसदी नुकसान हुआ है। कृषि विभाग की टीमें क्षेत्र में जाकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। इसके लिए 20 कर्मचारी फील्ड में जुटे हैं। इसकी पुष्टि विभाग के एसडीओ कृष्ण कुमार ने की।
भिवानी जिले में शुक्रवार को 15 गांवों में ओलावृष्टि से करीब 50 फीसदी तक फसल में नुकसान की आशंका जताई गई है। इसमें मुख्य तौर पर गेहूं और सरसों की फसल में ज्यादा नुकसान है।