फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Hisar News ›   Hisar: Farmers jammed for five hours at 11 places including all four tolls

हिसार : चारों टोल समेत 11 जगह किसानों ने पांच घंटे तक लगाया जाम

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 28 Aug 2021 11:56 PM IST
विज्ञापन
Hisar: Farmers jammed for five hours at 11 places including all four tolls
रोडवेज सेवा बंद होने के बाद बस अड्डे से लौटतीं सवारियां - संवाद - फोटो : Hisar
हिसार। करनाल के बसताड़ा में किसानों पर हुए लाठीचार्ज से गुस्साए किसानों ने जिले में चारों टोल प्लाजा पर शनिवार दो बजे जाम लगा दिया। जिले से गुजरने वाले दोनों नेशनल हाईवे करीब 5 घंटे पूरी तरह से बाधित रहे। इस दौरान सूरेवाला चौक, सरसौद गांव समेत 11 जगह किसानों ने रास्ते जाम कर सरकार के खिलाफ रोष जताया।
विज्ञापन

वहीं, रोडवेज प्रशासन ने दोपहर बाद करीब 3 बजे से सभी बसों का परिचालन बंद कर दिया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि रास्तों में फंसी बसों को आसपास के थाने, चौकी में खड़ा करने के निर्देश दिए। शाम साढ़े सात बजे बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान किसानों ने हिसार मार्ग पर बाडो पट्टी टोल, बहबलपुर, हांसी मार्ग पर खानपुर-सिंधड़ नहर के पास, अग्रोहा मार्ग पर बालक चोपटा, जींद मार्ग पर खेड़ी चोपटा, गांव राजली व गांव जेवरा में अवरोधक डाल कर वाहनों की आवाजाही रोकी।
विज्ञापन

रामायण टोल : दोनों तरफ लगी वाहनों की लगी लंबी कतार
हांसी। किसानों ने शनिवार दोपहर दो बजे रामायण टोल प्लाजा पर नेशनल हाईवे-9 को जाम कर दिया। जाम से हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके बाद पुलिस ने वाहनों को जगह-जगह से डायवर्ट करना शुरू किया। भारतीय किसान यूनियन के नेता इच्छापुरी महाराज ने कहा कि यह सरकार हिटलर शाही पर उतारू हो गई है। जब पतन का समय आता है तो ऐसी ही हरकतें होती हैं। किसानों पर बर्बरता पूर्ण तरीके से उनके सिर पर लाठियां बरसाई गईं। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद जाखड़ ने कहा कि करनाल में शांतिपूर्वक बैठे किसानों पर लाठीचार्ज करवा कर भाजपा ने अपनी दमनकारी नीति की मिसाल पेश की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लांधड़ी-चिकनवास टोल : किसान इस दर्द को कभी नहीं भूलेंगे
अग्रोहा। किसानों ने लांधड़ी-चिकनवास टोल प्लाजा पर जाम लगा नारेबाजी कर सरकार का विरोध किया। किसान नेता संदीप सिवाच ने कहा कि करनाल में हुआ लाठीचार्ज हर किसान की आंखों में आंसू ला देने वाला है। यह बर्बरता सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। सीएम ने किसानों पर दूसरी बार इस तरह से लहू लुहान कराते हुए लाठीचार्ज कराया है। किसान इस दर्द को कभी नहीं भूला पाएंगे। इस लाठीचार्ज से आंदोलन खत्म होने की बजाय अधिक मजबूत होकर उभरेगा।
बाडोपट्टी टोल : किसानों की रिहाई नहीं तो सड़कें भी नहीं होगी खाली
बरवाला। लाठीचार्ज के विरोध में क्षेत्र के किसान विरोध स्वरूप सड़कों पर आ गए। किसान-मजदूरों ने शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा का निर्देश आते ही बाडोपट्टी टोल पर जाम लगा दिया। डीएसपी रोहतास सिहाग व थाना प्रभारी प्रहलाद राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आंदोलनकारियों ने टोल से एंबुलेंस को निकलने दिया। टोल कमेटी के नेता सरदानंद राजली और राजू भगत सरसौद ने बताया कि किसानों के ऊपर पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया गया है।
चौधरीवास टोल : नेशनल हाईवे-52 पूरी तरह रहा जाम
सिवानी मंडी। नेशनल हाईवे नंबर 52 चौधरीवास टोल प्लाजा पर विजय सिंह डाया, संदीप धीरनवास के नेतृत्व में जाम लगाया गया। प्रवीण पनिहार, बलराज सरसाना ,विजेंद्र भांभू, प्रदीप बेनीवाल, बलजीत मांजू, राजकुमार देवा, कृष्ण चौटाला, शमशेर पंघाल, संदीप झाझड़िया, अजय नंबरदार, नरसी बिश्नोई व सोमवीर पिलानिया ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आदेश पर 2:30 बजे टोल प्लाजा पर जाम किया। निहत्थे किसानों पर पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्ण और कायरता पूर्ण तरीके से लाठीचार्ज किया। बुजुर्ग किसान और माताओं बहनों को बुरी तरह से लाठी-डंडों से पीटा गया।

सूरेवाला चौक :प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस को जाने दिया
उकलाना मंडी। क्षेत्र के रोषित किसानों ने हिसार-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर सूरेवाला चौक पर जाम लगाया। इस दौरान किसानों ने एंबुलेंस और जरूरी वाहनों को जाने दिया। वहीं, चंडीगढ़-सिरसा, हिसार-चंडीगढ़, हिसार-टोहाना व फतेहाबाद मार्ग पर वाहन बाधित रहे। चारों तरफ के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर शाम साढ़े सात बजे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी। इस अवसर पर सुरेश दुर्जनपुर, राजवीर गोरखपुर, अमित ढाका, समुंद्र मलिक, पलाराम मस्ताना, बलवंत सिंह, काली रावण, रामकुमार, सुशील, गोपाल, नरेश, प्रदीप मलिक, राजेश, बलवीर मिल, कालू, मोनू, जगदीश मौजूद रहे।

हिसार- सिरसा हाइवे पर जाम के बाद फंसे वाहन

हिसार- सिरसा हाइवे पर जाम के बाद फंसे वाहन- फोटो : Hisar

हिसार- राजगढ़ रोड पर चौधरीवास टोल पर जाम में फसे वाहन

हिसार- राजगढ़ रोड पर चौधरीवास टोल पर जाम में फसे वाहन- फोटो : Hisar

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed