{"_id":"6439829191a8468ca801d4d5","slug":"haryana-weather-update-temperature-crossed-41-degree-chances-of-rain-after-april-17-2023-04-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana Weather Update: पारा 41 डिग्री पार, 17 अप्रैल तक रहेगी बढ़ोतरी, फिर तीन दिन बारिश के आसार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana Weather Update: पारा 41 डिग्री पार, 17 अप्रैल तक रहेगी बढ़ोतरी, फिर तीन दिन बारिश के आसार
Fri, 14 Apr 2023 10:12 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Fri, 14 Apr 2023 10:12 PM IST
सार
मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली व उत्तर प्रदेश में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। शुक्रवार को हरियाणा के नूंह में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा।
विज्ञापन
TEMPRATURE
- फोटो : file photo
विस्तार
हरियाणा प्रदेश के दिन में तापमान में बढ़ोतरी जारी है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो 17 अप्रैल तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसके बाद 18 से 20 अप्रैल के बीच बारिश की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली व उत्तर प्रदेश में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। संपूर्ण इलाके में तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को नूंह में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। इसके अलावा फरीदाबाद 41.3 व जींद 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
हिसार में अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहा। डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी मरुस्थलीय गर्म हवाओं का रुख मैदानी राज्यों की तरफ बना हुआ है। इसके अलावा अरब सागर पर बना प्रति चक्रवात भी पश्चिमी राजस्थान और गुजरात पर पहुंच गया है। इससे धीरे धीरे नमी समाप्त होने लगी है। सुबह से शाम तक सूर्य देव की उष्ण धूप भी इस गर्मी को और प्रचंड बना रही है।
विज्ञापन
आगे ऐसा रहेगा मौसम
अगले तीन-चार दिन ज्यादातर स्थानों पर मौसम शुष्क बने रहने से तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है। 16 अप्रैल को एक कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसकी वजह से सिर्फ प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बूंदाबांदी की संभावना है। बाकी हिस्से में सिर्फ आंशिक बादलवाही रहेगी।
इस कारण से तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आएगी, बल्कि नमी वाली हवाओं से पसीने वाली गर्मी आमजन को परेशान करेगी। हालांकि इसके बाद एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ 18 अप्रैल को सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से एक कम दबाव का क्षेत्र पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर बनने बनेगा।
इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में 18 से 20 अप्रैल के दौरान 50 से 70 प्रतिशत इलाके पर बूंदाबांदी से लेकर बिखराव वाली हल्की बारिश, 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना बन रही है।
इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान राजस्थान और गुजरात पर बना प्रति चक्रवात कमजोर होकर फिर से अरब सागर के मध्य में पहुंच जाएगा, जिसकी वजह से मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और आमजन को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।