{"_id":"6717b2769977f9fe480bf3db","slug":"haryana-mla-angry-over-contaminated-water-supply-made-officers-drink-the-same-water-2024-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: दूषित जलापूर्ति पर गुस्साए विधायक, अफसरों को भी वही पानी पिलाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: दूषित जलापूर्ति पर गुस्साए विधायक, अफसरों को भी वही पानी पिलाया
Tue, 22 Oct 2024 07:41 PM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, नारनौंद, हिसार (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, नारनौंद, हिसार (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Tue, 22 Oct 2024 07:41 PM IST
सार
विधायक जस्सी पेटवाड़ सिसाय गांव पहुंचे। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ और जेई को सस्पेंड करने की सिफारिश भेजी है।
विज्ञापन
विधायक जस्सी पेटवाड़ की मौजूदगी में अधिकारी संजीव त्यागी को दूषित पानी पिलाते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हरियाणा प्रदेश के सबसे बड़े गांव सिसाय में गंदे व बदबूदार जलापूर्ति समस्या का समाधान नहीं होने पर विधायक जस्सी पेटवाड़ ने न केवल अधिकारियों को फटकार लगाई, बल्कि खुद पीकर जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को भी वही पानी पिलाया। विधायक को शिकायत मिलने पर वह मंगलवार को गांव में पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने जलापूर्ति सहित कई समस्याओं के बारे में बताया। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ और जेई को सस्पेंड करने की सिफारिश भेजी है।
विज्ञापन
विधायक ने गांव में 12.50 करोड़ की लागत से बन रहे वाटर वर्क्स निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां उजागर हुईं। उन्होंने कहा, गांव के जलघर पर करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं। यह जनता का पैसा है। जनता द्वारा भरे गए टैक्स के पैसों की लूटखसोट नहीं होने देंगे।
विज्ञापन
निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि वाटर वर्क्स में जो टैंक बनाया है, उसमें लीकेज है और घटिया सामग्री प्रयोग की गई है। ट्यूबवैल का पानी खारा हो चुका है। पाइप लाइन में लीकेज कारण गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है। जलघर ने जंगल का रूप ले लिया है। बावजूद इसके कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा। इस पर विधायक ने अधिकारियों को इन समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों को गांव में सप्लाई किया जा रहा पानी पिलाया और कहा कि इससे आपको ग्रामीणों की पीड़ा का एहसास होगा। इससे पहले उन्होंने स्वयं पानी पिया। सूरजमल, बारुराम, जोगिंदर, सुरेश, रामकिशन, रामपाल, अनिल शर्मा, सतबीर, शमशेर, सज्जन, सचिन, होशियार सिंह, कृष्ण आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
ग्रामीणों की सभी समस्याएं जायज हैं। जलघर में सफाई करवा दी जाएगी। टैंक में लीकेज का 10 दिन में समाधान कर दिया जाएगा। एसडीओ और जेई की शिकायतें मिली हैं, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। - संजीव त्यागी, एक्सईएन,जनस्वास्थ्य विभाग