{"_id":"656cba567e7fca97da02d637","slug":"haryana-cm-manohar-said-drug-consignment-worth-rs-140-crore-destroyed-2023-12-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: 140 करोड़ रुपये के नशे की खेप को नष्ट किया, सीएम मनोहर बोले- अब सप्लाई चेन तोड़ेंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: 140 करोड़ रुपये के नशे की खेप को नष्ट किया, सीएम मनोहर बोले- अब सप्लाई चेन तोड़ेंगे
Sun, 03 Dec 2023 10:56 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, हिसार (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sun, 03 Dec 2023 10:56 PM IST
सार
मुख्यमंत्री बोले कि तीन चरणों में नशे का नाश करेंगे। पंचकूला में नशे के खिलाफ आठ राज्यों का संयुक्त हेडक्वार्टर बनाया गया है। युवाओं को नशे से दूर करने के लिए संस्कारवान बनाना होगा।
विज्ञापन
जीत की खुशी मनाते हुए।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में पिछले दो साल में 140 करोड़ रुपये से अधिक की नशे की खेप को बरामद कर नष्ट किया गया है। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए खास रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। पंचकूला में नशे के खिलाफ आठ राज्यों का संयुक्त हेडक्वार्टर बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर युवा शक्ति को तैयार करना होगा। समाज से नशे की जड़ों को काटने के लिए बच्चों को संस्कारवान बनाना होगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में राष्ट्रीय सनातन महासंघ के संस्थापक स्वामी धर्मदेव की ओर से आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सनातन महासंघ ने नशा मुक्ति, मातृ-पितृ वंदन, असहाय का सहयोग तथा दृढ़ अनुशासन का पांच सूत्री कार्यक्रम चला रखा है। हमें युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक तरीके से इस्तेमाल कर मजबूत भारत की नींव रखनी होगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पांच मई को नशे के खिलाफ एक मजबूत लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है। अभियान में निरंकारी मिशन में जुड़कर युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम चलाया गया है। नशे में फंसे युवाओं के डि-एडिक्शन और रिहेबिलिटेशन के लिए सरकार पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है।
विज्ञापन
तीन चरण में होगा नशे का नाश..
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा में सबसे पहले जग जागरण अभियान चलाना होगा, जिसमें सामाजिक- धार्मिक संगठनों को आगे आना होगा। दूसरे चरण में नशे में फंसे युवाओं को नशे से निकालने के लिए प्रयास करने होंगे। नशा मुक्ति केंद्र खोलने होंगे। तीसरे चरण में नशा बेचने वालों की सप्लाई चेन को तोड़ना होगा।
राष्ट्रीय सनातन महासंघ के संस्थापक महामंडलेश्वर धर्मदेव महाराज ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रूप में तीन रत्न मिल चुके हैं। उन्होंने उपस्थित युवाओं का आह्वान किया कि वह नशे से दूर रहें। उन्होंने देवी प्रसन्न गोयल को राष्ट्रीय सनातन महासंघ का तीन वर्ष का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की।
देश के विकास में योगदान दें : डॉ. कमल गुप्ता
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने कहा कि देश के युवाओं ने अपनी कुर्बानियां देकर भारत मां के मस्तक को कभी नहीं झुकने दिया। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह पंच सूत्री कार्यक्रम पर चलकर देश के विकास में योगदान दें। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, राज्यसभा सदस्य डीपी वत्स, विधायक विनोद भयाना, भाजपा के जिलाध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र सिंह, मेयर गौतम सरदाना, नवीन गोयल, अनिता कुंडू, गायत्री यादव सहित अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।
नारी नारायणी फाउंडेशन ने किया अभिनंदन..
नारी नारायणी फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का युवा सम्मेलन में पहुंचने पर अभिनंदन किया। फाउंडेशन की संस्थापिका पूनम नागपाल व प्रधान गुंजन गोयल ने बताया कि उनकी संस्था सेल्फ डिफेंस, गीता श्लोक उच्चारण, शैक्षणिक व गैरशैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है, ताकि बच्चे व्यस्त रहें। इस अवसर पर नीलम कक्कड़ ,बबली, मोनिका ललित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
काले कपड़ों वालों को बाहर किया...
काले कपड़े पहनकर आए युवाओं को समारोह में एंट्री नहीं दी गई। गेट पर जांच के बाद ऐसे युवाओं को लौटा दिया गया। कुछ युवाओं ने काले रंग की जैकेट पहनी हुई थी। ऐसे युवाओं की जैकेट, स्वेटर को बाहर रखवा लिया गया। इसके बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। इस सम्मेलन में युवाओं की संख्या काफी कम रही।