बालसमंद।
जिले के गांव डोभी में बुधवार देर रात हलवाई की दुकान में आग लग गई। आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। शार्ट सर्किट से दुकान में रखे सिलिंडर फट गए जिससे पूरी दुकान देखते देखते राख हो गई।
डोभी निवासी राजेंद्र उर्फ धोलू ने बताया कि वह गांव में बस स्टैंड के नजदीक मिष्ठान भंडार की दुकान चलाता है। बुधवार रात को रोजाना की भांति दुकान बंद करके घर चला गया था। इसी बीच बुधवार की रात्रि में शार्ट-सर्किट से दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में रखे सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। दुकानदार के मुताबिक घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान में रखे डी फ्रीज, दो बड़े काउंटर, इन्वर्टर बैटरी, 3 सिलिंडर, पंखे, मिठाई व फास्ट फूड बनाने का समान, कोल्ड ड्रिंक आदि सामान जल चुका है। देर रात फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया तब तक सामान जलकर राख हो चुका था।