हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने शनिवार को अर्बन एस्टेट स्थित अपने निवास स्थान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार में पिछले पांच वर्षों में जो भ्रष्टाचार पनपा था, वह निरंतर बढ़ता जा रहा है। अब भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार के विधायक ही लगातार इस सरकार की पोल पट्टी खोल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल दलों के द्वारा प्रदेश की जनता से किए गए झूठे वादों ने सरकार में शामिल विधायकों को ही मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा है। विधायकों को जनता के बीच जाने में डर लग रहा है। उन्होंने पंचकूला में धान घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज करने और किसानों को हिरासत में लेने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से प्रदेश की भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार धान घोटाले की निष्पक्ष जांच करवाने में कतरा रही है, उससे साफ है कि भाजपा सरकार किसी भी कीमत पर इस घोटाले पर पर्दा डालना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से प्री-बजट चर्चा दिखावा है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग, एचपीएससी के पूर्व सदस्य जगरनाथ, लाल बहादुर खोवाल, रामनिवास राड़ा, भूपेंद्र गंगवा, हरि कृष्ण, बलवंत सैनी, सुधीर बिश्नोई भुना, कृष्ण कुमार सहारण, चंद्र हर्ष आदि मौजूद थे।