{"_id":"68984a8f41b952cecc0908b3","slug":"fake-mawa-busted-in-hisar-about-7-quintals-recovered-used-to-be-supplied-to-big-shops-including-bikaner-sweets-2025-08-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिसार में नकली मावे का भंडाफोड़: करीब 7 क्विंटल बरामद, बीकानेर स्वीट्स सहित बड़ी दुकानों पर होती थी सप्लाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिसार में नकली मावे का भंडाफोड़: करीब 7 क्विंटल बरामद, बीकानेर स्वीट्स सहित बड़ी दुकानों पर होती थी सप्लाई
Sun, 10 Aug 2025 01:00 PM IST
नवीन दलाल
माई सिटी रिपोर्टर, हिसार (हरियाणा)
माई सिटी रिपोर्टर, हिसार (हरियाणा)
Published by: नवीन दलाल
Updated Sun, 10 Aug 2025 01:00 PM IST
सार
हिसार में छापेमारी के दौरान मावा गंदे डी-फ्रिज और टीनों में रखा मिला, जिसमें से बदबू आ रही थी। फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. पवन चहल ने बताया कि मौके पर 7 क्विंटल मावा बरामद हुआ, जो वनस्पति तेल से तैयार किया गया प्रतीत होता है।
विज्ञापन
मौके पर पहुंचे अधिकारी
- फोटो : संवाद
विस्तार
हिसार में सीएम फ्लाइंग स्क्वायड ने रविवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाणी श्याम लाल गली नंबर-3 में एक मकान में चल रहे अवैध गोदाम पर छापा मारा। इस छापेमारी में 7 क्विंटल नकली मावा (खोया) बरामद किया गया, जो गंदगी के बीच रखा हुआ था। यह मावा शहर की नामी मिठाई दुकानों, विशेष रूप से बीकानेर स्वीट्स की दुकानों सहित हिसार, बरवाला और उकलाना में 150 रुपये प्रति किलो की दर से सप्लाई किया जा रहा था। रक्षाबंधन और तीज के त्योहारों पर इस गोदाम से 35 क्विंटल नकली मावा सप्लाई किया गया था।
विज्ञापन
सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई
सीएम फ्लाइंग स्क्वायड की हिसार रेंज इंचार्ज इंस्पेक्टर सुनैना के नेतृत्व में सुबह 9 बजे गोदाम पर छापा मारा गया। मौके पर एक युवक, महावीर, जो राजस्थान के चुरू का निवासी है, को हिरासत में लिया गया। महावीर ने पूछताछ में खुलासा किया कि यह मावा नकली है और इसे बीकानेर से लाकर हिसार में स्टॉक किया जाता था। यह मावा शहर की बड़ी मिठाई दुकानों, खासकर बीकानेर स्वीट्स की चेन और बरवाला व उकलाना की दुकानों में सप्लाई होता था। गोदाम का मालिक बीकानेर के डूंगर का रहने वाला है, जिसकी हाल ही में एक अन्य मिलावट के मामले में जमानत हुई है।
विज्ञापन
रजिस्टर से हुआ सप्लाई का खुलासा
पुलिस ने गोदाम से एक बही खाता भी जब्त किया, जिसमें उन सभी दुकानों के नाम दर्ज हैं, जहां यह नकली मावा सप्लाई किया जाता था। महावीर ने बताया कि दो तरह का मावा तैयार किया जाता था। एक सुपर क्वालिटी, जो 250 रुपये प्रति किलो, और लो क्वालिटी, जो 150 रुपये प्रति किलो में बिकता था। त्योहारों के दौरान, खासकर तीज और रक्षाबंधन पर, करीब 35 क्विंटल नकली मावा बेचा जा चुका है। इंस्पेक्टर सुनैना ने बताया कि दुकानदार इस नकली मावे को शुद्ध बताकर 500 रुपये प्रति किलो की दर से बेचते थे।
विज्ञापन
गंदगी में रखा था मावा
छापेमारी के दौरान मावा गंदे डी-फ्रिज और टीनों में रखा मिला, जिसमें से बदबू आ रही थी। फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. पवन चहल ने बताया कि मौके पर 7 क्विंटल मावा बरामद हुआ, जो वनस्पति तेल से तैयार किया गया प्रतीत होता है। चार सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी लैब रिपोर्ट से मिलावट की पुष्टि होगी। गोदाम में कोई लाइसेंस नहीं मिला, जिससे यह पूरी तरह अवैध साबित होता है।
स्थानीय खरीदार भी हैरान
छापेमारी के दौरान मावा खरीदने आए एक व्यक्ति, आधाराम, ने बताया कि उसे 160 रुपये प्रति किलो में मावा मिलता था और वह इसे ताजा और अच्छा मानता था। उसे मालूम नहीं था कि यह नकली है।