हिसार। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमने कई बार राज्यपाल से विधानसभा सत्र बुलाने की अपील की है। सरकार को जल्द ही विधानसभा सत्र बुलाना चाहिए, क्योंकि अब कोरोना भी काफी हद तक काबू में आ चुका है और बीमारी की वैक्सीन भी आ चुकी है। विधानसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि इस अविश्वास प्रस्ताव से स्पष्ट हो जाएगा कि किस पार्टी का कौन सा विधायक किसानों के साथ खड़ा है और कौन किसान विरोधी सरकार के साथ खड़ा है।
हुड्डा शुक्रवार को पार्टी नेता उमेद लोहान के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनप्रतिनिधि सदन में किसानों समेत प्रदेश के सामने खड़ी तमाम चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करें। हुड्डा ने कहा कि किसान आंदोलन को दो महीने पूरे होने वाले हैं, फिर भी सरकार किसानों को तारीख पर तारीख के फेर में उलझाए हुए है। सरकार को समझना चाहिए कि मौजूदा सरकार में किसानी की लागत बढ़ रही है। तेल, खाद, बीज के दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन किसान की आमदनी लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में उनकी मर्जी के खिलाफ तीन नए कानून थोपना किसान के साथ अन्याय है। सरकार को फौरन ये कानून वापस लेने चाहिए और किसानों को एमएसपी की गारंटी देनी चाहिए।