हिसार: पीएम नरेंद्र मोदी के स्पेशल प्रोटेक्शन गार्ड के खिलाफ उसकी पत्नी ने दर्ज करवाया मारपीट का केस
हरियाणा के हिसार के आजाद नगर थाने में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने केस में जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्पेशल प्रोटेक्शन गार्ड हिसार के लाडवा निवासी संजय के खिलाफ उसकी पत्नी सीमा ने मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत सीमा ने हिसार के आजाद नगर थाने में दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसका पति सीआरपीएफ में नौकरी करता है और फिलहाल पीएम मोदी के स्पेशल प्रोटेक्शन गार्ड के तौर पर नियुक्त है।
इसी बात की वह उसे धमकी देता है। सीमा ने बताया कि लाडवा निवासी संजय से उसकी शादी 11 साल पहले हुई थी। शादी के बाद उसको एक बेटी पैदा हुई। पति के साथ मनमुटाव के कारण वह दोनों अलग हो गए और अब उनका तलाक का केस चल रहा है। उसने पति से खर्चा लेने के लिए कोर्ट केस दायर किया हुआ है, जबकि उसके पति संजय ने तलाक का केस डाला हुआ है।
घर पर आकर की मारपीट
पीड़िता ने बताया कि 10 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह व उसकी बहन कविता हिसार स्थित आजाद नगर में घर पर थे। उस दौरान उसका पति संजय, ससुर रोशनलाल व उनके रिश्तेदार राजबीर व सुंदर वहां आए। पीड़िता ने बताया कि उसने अपने पिता के पास फोन किया। उस दौरान उसकी माता व पिता वहां आए। उस दौरान दो महिलाएं व दो व्यक्ति और उनके घर पर आए।
पीड़िता ने बताया कि उसने उन सभी को कहा कि उसे कोई बात नहीं करनी। सीमा का आरोप है कि उस दौरान संजय ने उसकी बहन कविता के साथ मारपीट की और उसे जबरदस्ती बहार गली में खींच कर ले गया। पीड़िता ने बताया कि जब से संजय पीएम की गाड़ी चलाता है तभी से उसे धमकी देता है कि वह उनके साथ कुछ भी करवा सकता है। आरोप है कि उसे जान से मारने की भी धमकी देता है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।